रांची: आम नागरिकों की समस्याओं को सीधे सुनकर उनके त्वरित समाधान के उद्देश्य से रांची पुलिस की ओर से चलाए जा रहे जन वार्तालाप कार्यक्रम के तहत कोतवाली थाना क्षेत्र के नागरिकों के साथ बैठक आयोजित की गई। बैठक में पुलिस अधिकारियों के अलावा व्यवसायी, सामाजिक कार्यकर्ता, केंद्रीय शांति समिति के सदस्य, राजनीतिक प्रतिनिधि, वार्ड पार्षद और अन्य गणमान्य लोग शामिल हुए।बैठक में नागरिकों ने क्षेत्र की विधि-व्यवस्था, यातायात, अतिक्रमण और असामाजिक गतिविधियों से जुड़ी समस्याएं वरीय पुलिस अधीक्षक के समक्ष रखीं। समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधिकारियों को कई महत्वपूर्ण निर्देश दिए गए।

बंद चीनी फैक्ट्री में बनेगा पुलिस पोस्ट
बड़ा तालाब के पास अघोरी आश्रम के समीप स्थित बंद चीनी फैक्ट्री परिसर में असामाजिक गतिविधियों की शिकायत पर पुलिस ने वहां पुलिस पोस्ट स्थापित करने का निर्णय लिया है। पोस्ट पर बीट ऑफिसर की तैनाती के साथ टाइगर मोबाइल की पेट्रोलिंग और चार पुलिस जवानों की तैनाती की जाएगी। क्षेत्र में 24 घंटे निगरानी और पेट्रोलिंग सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है।
नो-एंट्री में भारी वाहनों पर सख्ती
जालान रोड, भुइयां टोली, किशोरी सिंह यादव चौक और सेवा सदन समेत आसपास के इलाकों में नो-एंट्री के दौरान बड़े मालवाहक वाहनों के प्रवेश और सड़क पर पार्किंग की शिकायत भी बैठक में उठी। पुलिस ने स्पष्ट किया कि नो-एंट्री अवधि में बड़े मालवाहक वाहनों को क्षेत्र में प्रवेश करने या सड़क पर खड़ा रहने की अनुमति नहीं होगी। नियम तोड़ने वाले वाहनों के खिलाफ चालान समेत नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
नागा बाबा खटाल सब्जी बाजार से हटेगा अतिक्रमण
नागा बाबा खटाल सब्जी बाजार में सड़क पर सब्जी लगाए जाने से होने वाली यातायात समस्या पर भी चर्चा हुई। पुलिस नगर निगम के संबंधित अधिकारियों के साथ समन्वय कर स्थिति का जायजा लेगी और जरूरत के अनुसार अतिक्रमण हटाने तथा यातायात व्यवस्था दुरुस्त करने की कार्रवाई करेगी। इसके अलावा संवेदनशील इलाकों में ग्राउंड लेवल पुलिसिंग, बीट पुलिसिंग और टाइगर मोबाइल की निगरानी बढ़ाने, नशे एवं असामाजिक गतिविधियों पर कार्रवाई करने तथा यातायात पुलिस और थाना पुलिस के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने के निर्देश दिए गए। वरीय पुलिस अधीक्षक ने कहा कि जन वार्तालाप कार्यक्रम का उद्देश्य पुलिस और जनता के बीच सीधा संवाद स्थापित कर नागरिकों की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान करना है। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे अपने क्षेत्र में होने वाली असामाजिक गतिविधियों की सूचना तत्काल पुलिस को दें और सुरक्षित एवं शांतिपूर्ण माहौल बनाए रखने में सहयोग करें।