रांची: राजधानी रांची में कारोबारियों से रंगदारी मांगने का सिलसिला एक बार फिर चर्चा में है। इस बार बरियातू थाना क्षेत्र के एक कारोबारी को गैंगस्टर प्रिंस खान के नाम पर व्हाट्सएप के जरिए धमकी भरा संदेश भेजकर 1 करोड़ रुपये की रंगदारी मांगी गई है। रकम नहीं देने पर कारोबारी और उनके परिवार को जान से मारने की धमकी दी गई है। घटना के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, बरियातू रानी बगान निवासी कारोबारी बिजेंद्र सिंह के मोबाइल पर मंगलवार सुबह एक विदेशी नंबर से व्हाट्सएप मैसेज आया। संदेश भेजने वाले ने खुद को “प्रिंस खान दुबई” बताते हुए 1 करोड़ रुपये की मांग की। मैसेज में साफ कहा गया कि यदि जल्द “सेटलमेंट” नहीं किया गया तो इसका गंभीर परिणाम भुगतना पड़ेगा।
हैरानी की बात यह है कि धमकी देने वाले ने कारोबारी के परिवार के सदस्यों का जिक्र करने के साथ-साथ उनकी कार का नंबर और उसका रंग भी लिखा। संदेश में चेतावनी दी गई कि उनकी सफेद (व्हाइट) कार को कभी भी लाल (रेड) कर दिया जाएगा, जिसे पुलिस जानलेवा हमले की धमकी के रूप में देख रही है।
घटना के बाद बिजेंद्र सिंह ने बरियातू थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई। पुलिस ने मामला दर्ज कर साइबर सेल और टेक्निकल टीम की मदद से विदेशी नंबर की जांच शुरू कर दी है। यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि धमकी वास्तव में गैंगस्टर प्रिंस खान ने दिलवाई है या कोई अन्य अपराधी उसके नाम का इस्तेमाल कर रंगदारी वसूलने की कोशिश कर रहा है।
पुलिस सूत्रों का कहना है कि पहले भी रांची के कई कारोबारियों को इसी तरह के धमकी भरे कॉल और मैसेज मिल चुके हैं। आशंका जताई जा रही है कि गैंग से जुड़े स्थानीय गुर्गे कारोबारियों की निजी जानकारी जुटाकर उन्हें निशाना बना रहे हैं। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है।