रांची: भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश महामंत्री अमर कुमार बाउरी ने मंगलवार को भाजपा प्रदेश कार्यालय में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर परिसीमन के मुद्दे पर कांग्रेस और राहुल गांधी से कई सवाल किए। उन्होंने कहा कि वर्ष 2008 में कांग्रेस की केंद्र सरकार के कार्यकाल में जनसंख्या के आधार पर लोकसभा और विधानसभा सीटों का परिसीमन किया गया था। उस दौरान 84वें संविधान संशोधन के जरिए परिसीमन से जुड़े प्रावधान किए गए थे। अमर बाउरी ने कहा कि उस समय तत्कालीन नेता प्रतिपक्ष और भाजपा नेता लाल कृष्ण आडवाणी ने भी परिसीमन समिति के प्रस्ताव को लोकसभा में पारित कराने में सहयोग किया था। उन्होंने सवाल उठाया कि जब 2008 में कांग्रेस ने जनसंख्या के आधार पर सीटों का बंटवारा किया था, तो आज भाजपा की ओर से सीटों में 50 प्रतिशत तक बढ़ोतरी के प्रस्ताव का कांग्रेस विरोध क्यों कर रही है।
अटल बिहारी वाजपेयी और बिरसा मुंडा का किया जिक्र
भाजपा प्रदेश महामंत्री ने कहा कि झारखंड को अलग राज्य का दर्जा तत्कालीन प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की सरकार ने वर्ष 2000 में दिया था। उन्होंने 15 नवंबर को झारखंड स्थापना दिवस के रूप में तय किया, जो भगवान बिरसा मुंडा की जयंती भी है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बिरसा मुंडा की जयंती को देशभर में जनजातीय गौरव दिवस के रूप में मनाने की शुरुआत की। उन्होंने दावा किया कि भाजपा ने हमेशा आदिवासी और जनजातीय समाज के हितों को प्राथमिकता दी है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार की कई जनकल्याणकारी योजनाओं के केंद्र में जनजातीय समाज रहा है। साथ ही उन्होंने कहा कि भाजपा ने द्रौपदी मुर्मू को देश के सर्वोच्च संवैधानिक पद, राष्ट्रपति पद तक पहुंचाया।
कांग्रेस पर पुरानी गलतियों को लेकर निशाना
अमर बाउरी ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि पार्टी के कार्यकाल में कई ऐसी गलतियां हुईं, जिनका असर देश और झारखंड पर पड़ा। उन्होंने 1984 के दंगे, देश के विभाजन और वर्ष 2008 में झारखंड में आदिवासी सीटों में कमी किए जाने जैसे मुद्दों का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस को अब अपनी पिछली गलतियों पर आत्ममंथन करना चाहिए और झारखंड की जनता से माफी मांगनी चाहिए।
121 विधानसभा सीट होने का दावा
अमर बाउरी ने कहा कि वर्ष 2008 में वर्ष 2026 तक परिसीमन नहीं करने से संबंधित रोक लगाई गई थी। अब यह अवधि समाप्त होने के मद्देनजर केंद्र सरकार ने सीटों में 50 प्रतिशत तक बढ़ोतरी का निर्णय लिया है। उनके अनुसार, झारखंड में मौजूदा 81 विधानसभा सीटों की संख्या परिसीमन के बाद करीब 121 हो सकती है। उन्होंने दावा किया कि परिसीमन के बाद अनुसूचित जनजाति और अनुसूचित जाति के लिए आरक्षित सीटों की संख्या में भी बढ़ोतरी होगी। उनके मुताबिक विधानसभा में करीब 14 आदिवासी और 14 अनुसूचित जाति सीटें बढ़ सकती हैं। वहीं लोकसभा में आदिवासी सीटें 5 से बढ़कर 10 और अनुसूचित जाति की सीट 1 से बढ़कर 2 होने का दावा किया गया।
राहुल गांधी से मांगा जवाब
अमर बाउरी ने राहुल गांधी से सीधे सवाल करते हुए पूछा कि भाजपा के 50 प्रतिशत सीट बढ़ाने के प्रस्ताव का कांग्रेस और झारखंड मुक्ति मोर्चा विरोध क्यों कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस को यह स्पष्ट करना चाहिए कि वह झारखंड में सीटों के संभावित विस्तार के पक्ष में है या विरोध में। उन्होंने कहा कि कांग्रेस को वर्ष 2008 में झारखंड से जुड़े परिसीमन में हुई कथित चूक के लिए राज्य की जनता से माफी मांगनी चाहिए।