रांची: JPSC परीक्षा में कथित अनियमितता के मामले में फरार चल रहे सत्यपाल सिंह की अग्रिम जमानत याचिका पर CID की विशेष अदालत में सुनवाई हुई। सुनवाई के दौरान अदालत ने मामले की केस डायरी प्रस्तुत करने का निर्देश CID को दिया है। अब इस मामले में अगली सुनवाई 7 सितंबर को होगी।
CID ने JPSC परीक्षा में अनियमितता के आरोपों को लेकर कांड संख्या 16/2026 दर्ज किया है। जांच के दौरान अब तक 24 से अधिक आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है। वहीं, फरार सत्यपाल सिंह ने गिरफ्तारी की आशंका को देखते हुए अदालत में अग्रिम जमानत की याचिका दाखिल की है।
अन्य आरोपियों की जमानत पर भी सुनवाई
JPSC अनियमितता मामले में गिरफ्तार किए गए अन्य आरोपियों की जमानत याचिकाओं पर भी अदालत में सुनवाई जारी है। इस केस में अब तक गिरफ्तार प्रमुख आरोपियों में झारखंड के पूर्व मुख्य सचिव एवं JPSC के पूर्व अध्यक्ष एल. ख्यांगते, JPSC की उप परीक्षा नियंत्रक श्वेता गुप्ता और मामले के कथित मास्टरमाइंड अभय तिवारी शामिल हैं।
अदालत के निर्देश के बाद अब CID को केस डायरी पेश करनी होगी। इसके आधार पर अगली सुनवाई में सत्यपाल सिंह की अग्रिम जमानत याचिका पर आगे की कार्रवाई होगी।