रांची: रांची विश्वविद्यालय ने अपने कानूनी मामलों को लेकर बड़ा प्रशासनिक फैसला लिया है। विश्वविद्यालय ने विभिन्न अदालतों और न्यायिक मंचों पर अपना पक्ष मजबूती से रखने के लिए आठ अधिवक्ताओं की नई टीम तैयार की है। इस संबंध में कुलपति के आदेश पर आधिकारिक अधिसूचना जारी कर दी गई है। नया पैनल विश्वविद्यालय से जुड़े कानूनी विवादों और मुकदमों की पैरवी करेगा। विश्वविद्यालय प्रशासन की ओर से जारी आदेश में आठ अधिवक्ताओं को शामिल किया गया है। इनमें विशाल कुमार राय, अतानु बनर्जी, पंकज श्रीवास्तव, प्रथासारथी आनंद स्वरूप पति, बक्शी विभा, सब्यसाची दंडापत, तलत परवीन और अजय कुमार पाठक के नाम शामिल हैं।
तीन साल के लिए मिली जिम्मेदारी
झारखंड राज्य विश्वविद्यालय अधिनियम के प्रावधानों के तहत गठित यह पैनल आदेश जारी होने की तारीख से अगले तीन वर्षों तक प्रभावी रहेगा। हालांकि, विश्वविद्यालय प्रशासन चाहे तो अगले आदेश के जरिए इसमें बदलाव कर सकता है। पैनल में शामिल अधिवक्ताओं को हाईकोर्ट समेत विभिन्न न्यायिक और अर्ध-न्यायिक मंचों पर विश्वविद्यालय का प्रतिनिधित्व करना होगा। विश्वविद्यालय से जुड़े मामलों में कानूनी पक्ष रखना, मुकदमों की पैरवी करना और संस्थान के हितों का अदालत में बचाव करना उनकी प्रमुख जिम्मेदारी होगी।
कानूनी मोर्चे पर नई टीम के भरोसे विश्वविद्यालय
नए पैनल के गठन के साथ ही रांची विश्वविद्यालय ने अगले तीन वर्षों के लिए अपनी कानूनी पैरवी की व्यवस्था तय कर दी है। अब विश्वविद्यालय से जुड़े विभिन्न न्यायिक मामलों में यही अधिवक्ता संस्थान का पक्ष रखेंगे।