रांची/नई दिल्ली: आजसू पार्टी के केंद्रीय अध्यक्ष सुदेश कुमार महतो ने दिल्ली में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात कर झारखंड से जुड़े कई अहम मुद्दों पर चर्चा की। इस दौरान उन्होंने विभिन्न मांगों और समस्याओं को लेकर गृह मंत्री को ज्ञापन भी सौंपा।
JPSC-JSSC परीक्षा में कथित गड़बड़ी का मुद्दा उठाया
बैठक में सुदेश महतो ने झारखंड की प्रतियोगी परीक्षाओं में कथित अनियमितता, पेपर लीक और वित्तीय गड़बड़ी का मुद्दा प्रमुखता से उठाया। उन्होंने JPSC और JSSC से जुड़ी परीक्षाओं की निष्पक्ष जांच के लिए केंद्रीय जांच एजेंसियों की भूमिका की मांग की।

ज्ञापन में बताया गया कि झारखंड की 39 परीक्षाएं जांच के दायरे में हैं, जबकि 6 परीक्षाओं को राज्य सरकार की ओर से स्थगित किया गया है। सुदेश महतो ने कहा कि सरकारी नौकरियों के लिए आयोजित प्रतियोगी परीक्षाओं की विश्वसनीयता युवाओं के भविष्य से सीधे जुड़ी है। ऐसे में पूरे मामले की उच्चस्तरीय और निष्पक्ष जांच जरूरी है।
कुड़मी समुदाय को ST दर्जा देने की मांग
सुदेश महतो ने केंद्रीय गृह मंत्री के सामने कुड़मी समुदाय को अनुसूचित जनजाति (ST) का दर्जा देने की मांग भी रखी। उन्होंने कहा कि यह मांग लंबे समय से उठाई जाती रही है और कुड़मी समाज अपने सामाजिक, सांस्कृतिक और आर्थिक हितों को लेकर लगातार आवाज उठाता रहा है। उन्होंने केंद्र सरकार से इस मांग पर आवश्यक पहल करने का आग्रह किया। सुदेश महतो के मुताबिक, ST दर्जे से कुड़मी समाज के सामाजिक, राजनीतिक और आर्थिक विकास को नई दिशा मिलने की उम्मीद है। बैठक में झारखंड से जुड़े अन्य महत्वपूर्ण विषयों पर भी चर्चा हुई और सुदेश महतो ने केंद्र से आवश्यक पहल की मांग की।