रांची: आम लोगों की शिकायतों का तेजी से समाधान करने और पुलिस-जनता के बीच बेहतर संवाद स्थापित करने के लिए रांची पुलिस ने विशेष पहल शुरू की है। एसएसपी राकेश रंजन के निर्देश पर जिले के सभी थाना क्षेत्रों में शुक्रवार, 11 सितंबर को शाम 4 बजे से 6 बजे तक विशेष जन शिकायत समाधान कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है।

थाना प्रभारी और डीएसपी रहेंगे मौजूद
कार्यक्रम के दौरान संबंधित थाना प्रभारी और डीएसपी अपने-अपने क्षेत्र में मौजूद रहेंगे। इस दौरान आम नागरिक सीधे पुलिस अधिकारियों के सामने अपनी समस्याएं और शिकायतें रख सकेंगे। पुलिस अधिकारियों को शिकायतों को गंभीरता से सुनते हुए जहां संभव हो, मौके पर ही समाधान करने का निर्देश दिया गया है।
शिकायत मिलने के बाद तुरंत शुरू होगी कार्रवाई
पुलिस प्रशासन की ओर से स्पष्ट किया गया है कि जिन मामलों का तत्काल निपटारा संभव नहीं होगा, उनमें भी प्रारंभिक कार्रवाई बिना देरी के शुरू की जाएगी। इसके साथ ही क्षेत्र की सुरक्षा, कानून-व्यवस्था और पुलिस व्यवस्था से जुड़े सुझाव भी नागरिक पुलिस अधिकारियों के सामने रख सकेंगे।
SSP ने अधिकारियों को दिए संवेदनशीलता से पेश आने के निर्देश
एसएसपी राकेश रंजन ने पुलिस अधिकारियों को निर्देश दिया है कि जन शिकायत सुनने के दौरान लोगों के साथ सम्मानजनक, संवेदनशील और विनम्र व्यवहार किया जाए। अभियान का उद्देश्य केवल शिकायतों का निपटारा करना ही नहीं, बल्कि पुलिस और आम जनता के बीच भरोसा मजबूत करना भी है। रांची पुलिस ने जिलावासियों से अपील की है कि वे इस विशेष कार्यक्रम का लाभ उठाएं और अपनी शिकायतों, समस्याओं एवं सुरक्षा संबंधी सुझावों को लेकर नजदीकी थाना पहुंचें।