देवघर: राजकीय श्रावणी मेला 2026 की दूसरी सोमवारी पर बाबा बैद्यनाथ की नगरी में आस्था का अद्भुत सैलाब देखने को मिल रहा है। देश-विदेश के अलग-अलग हिस्सों से लाखों की संख्या में श्रद्धालु और कांवरिया देवघर पहुंचे हैं। बाबा बैद्यनाथ मंदिर में जलाभिषेक को लेकर श्रद्धालुओं में जबरदस्त उत्साह है। पूरी बाबानगरी ‘बोल बम’ और ‘हर-हर महादेव’ के जयघोष से गूंज रही है। दूसरी सोमवारी पर बाबा के दरबार में जलार्पण के लिए श्रद्धालुओं की भीड़ लगातार बढ़ती गई। रविवार और सोमवार की दरमियानी रात करीब एक बजे ही कांवरियों की कतार नंदन पहाड़ को पार कर चमारीडीह पुल तक पहुंच गई। कई किलोमीटर लंबी कतार में श्रद्धालु अपनी बारी का इंतजार करते नजर आए। लंबी दूरी और घंटों के इंतजार के बावजूद कांवरियों के उत्साह और आस्था में कोई कमी नहीं दिखी।

105 किलोमीटर की पैदल यात्रा के बाद बाबा के दरबार में पहुंच रहे कांवरिया
बाबा बैद्यनाथ के प्रति अटूट आस्था लेकर कांवरिया सुल्तानगंज से उत्तरवाहिनी गंगा का पवित्र जल लेकर करीब 105 किलोमीटर की पैदल यात्रा कर देवघर पहुंच रहे हैं। भगवा वस्त्रों में कांवरियों के विशाल जत्थे से बाबानगरी की सड़कें भगवा रंग में रंगी नजर आ रही हैं। रास्ते भर गूंज रहे शिव भजन, ढोल-नगाड़ों की थाप और ‘बोल बम’ के जयकारों ने पूरे माहौल को भक्तिमय बना दिया है। कांवरियों के चेहरे पर थकान के बजाय बाबा के दर्शन और जलाभिषेक की उत्सुकता साफ नजर आ रही है।
श्रद्धालुओं की भारी भीड़ के बीच प्रशासन पूरी तरह अलर्ट
दूसरी सोमवारी पर उमड़ी भारी भीड़ को देखते हुए जिला प्रशासन और मंदिर प्रबंधन ने सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत किया है। रूट लाइन में पुलिस बल और दंडाधिकारियों की तैनाती की गई है, ताकि श्रद्धालुओं की आवाजाही व्यवस्थित तरीके से हो और जलार्पण में किसी तरह की परेशानी न आए। लंबी कतारों में खड़े श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए जगह-जगह पेयजल, शेड, रोशनी और प्राथमिक चिकित्सा की व्यवस्था की गई है। प्रशासन की ओर से भीड़ पर लगातार नजर रखी जा रही है।
‘बोल बम’ के जयघोष से शिवमय हुई बाबानगरी
दूसरी सोमवारी के मौके पर देवघर में हर तरफ भक्ति और आस्था का नजारा देखने को मिल रहा है। सड़कों से लेकर बाबा मंदिर के आसपास तक सिर्फ ‘बोल बम’ और ‘हर-हर महादेव’ की गूंज सुनाई दे रही है। प्रशासन के अनुसार, दूसरी सोमवारी के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु बाबा बैद्यनाथ का जलाभिषेक करेंगे। श्रद्धालु बाबा से सुख, शांति और समृद्धि की कामना कर रहे हैं। लाखों कांवरियों की मौजूदगी ने देवघर को पूरी तरह शिवमय कर दिया है।