धनबाद: वासेपुर के कुख्यात गैंगस्टर प्रिंस खान के नेटवर्क पर धनबाद पुलिस ने एक और बड़ा प्रहार किया है। पश्चिम बंगाल पुलिस के सहयोग से धनबाद पुलिस की विशेष टीम ने प्रिंस खान के भाई बंटी खान को कोलकाता से गिरफ्तार कर लिया। बताया जा रहा है कि बंटी खान फर्जी दस्तावेजों के सहारे दुबई भागने की तैयारी में था, लेकिन विदेश रवाना होने से पहले ही पुलिस ने उसे पकड़ लिया।
फर्जी दस्तावेजों के सहारे विदेश भागने की तैयारी
पुलिस को इनपुट मिला था कि बंटी खान कोलकाता में छिपा हुआ है और वहां से अंतरराष्ट्रीय उड़ान के जरिए दुबई निकलने की कोशिश कर रहा है। सूचना की पुष्टि के बाद धनबाद पुलिस की टीम ने कोलकाता में कार्रवाई की और स्थानीय पुलिस की मदद से उसे हिरासत में ले लिया।गिरफ्तारी के दौरान पुलिस ने उसके कब्जे से वैध और फर्जी पासपोर्ट के साथ वीजा भी बरामद किए हैं। पुलिस अब इन दस्तावेजों की जांच कर यह पता लगाने में जुटी है कि विदेश भागने के लिए किस तरह की तैयारी की गई थी।
हत्या से रंगदारी तक कई गंभीर मामले
बंटी खान के खिलाफ धनबाद में हत्या, रंगदारी, आर्म्स एक्ट और आपराधिक साजिश समेत एक दर्जन से अधिक गंभीर आपराधिक मामले दर्ज होने की बात सामने आई है। लंबे समय से पुलिस उसकी तलाश कर रही थी और उसके संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी जा रही थी।
प्रिंस खान गिरोह पर पुलिस का शिकंजा
इससे पहले भी धनबाद पुलिस प्रिंस खान गिरोह से जुड़े मेजर उर्फ सैफी को कोलकाता एयरपोर्ट से गिरफ्तार कर चुकी है। वह भी दुबई भागने की कोशिश में था।
बंटी खान की गिरफ्तारी को पुलिस प्रिंस खान के आपराधिक नेटवर्क के खिलाफ बड़ी कामयाबी मान रही है। अधिकारियों को उम्मीद है कि पूछताछ के दौरान गिरोह के रंगदारी नेटवर्क, वित्तीय लेनदेन और विदेश में सक्रिय संपर्कों से जुड़ी अहम जानकारी सामने आ सकती है।
फिलहाल बंटी खान को धनबाद लाने के लिए पुलिस ट्रांजिट रिमांड की कानूनी प्रक्रिया पूरी कर रही है। इसके बाद उससे विस्तृत पूछताछ की जाएगी।