रामगढ़: जिले के पतरातू प्रखंड के बरकाकाना ओपी क्षेत्र स्थित हेहल की मां छिन्नमस्तिका सीमेंट एंड इस्पात प्राइवेट लिमिटेड के पावर प्लांट में शुक्रवार देर रात बड़ा हादसा हो गया। उत्पादन के दौरान अचानक जोरदार धमाका हुआ, जिसके बाद प्लांट में भीषण आग लग गई। हादसे में तीन कर्मचारियों की जलकर मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक मजदूर गंभीर रूप से झुलस गया। मृतकों की पहचान रांची निवासी 50 वर्षीय शिफ्ट इंचार्ज संजीव कुमार केसरी, बोकारो के जगेश्वर बिहार निवासी 25 वर्षीय इंजीनियर विनीत महतो और गढ़वा निवासी 24 वर्षीय इंजीनियर अभिषेक पांडेय के रूप में हुई है। वहीं हजारीबाग निवासी मजदूर तरुण रजवार गंभीर रूप से घायल है। उसे रांची रोड स्थित दि हॉप हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है।
धमाके के बाद मची भगदड़
बताया गया कि शुक्रवार देर रात नाइट शिफ्ट में प्लांट में सामान्य रूप से उत्पादन का काम चल रहा था। इसी दौरान अचानक तेज धमाका हुआ और कुछ ही पलों में आग ने विकराल रूप ले लिया। घटना के बाद फैक्ट्री परिसर में अफरा-तफरी मच गई और मजदूर जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे। हादसे की सूचना मिलते ही बरकाकाना ओपी पुलिस और फैक्ट्री प्रबंधन की टीम मौके पर पहुंची। रामगढ़ से 4 से 5 दमकल वाहनों को बुलाया गया। काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया।
ओवरहीटिंग को बताया गया हादसे का कारण
हादसे के बाद पावर प्लांट यूनिट के इंचार्ज अनुराग त्रिपाठी ने प्रबंधन की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए। उनके अनुसार प्लांट में ओवरहीटिंग के कारण ब्लास्ट हुआ। उन्होंने दावा किया कि तापमान को नियंत्रित रखने के लिए एयर कंडीशनर लगाने की मांग पहले भी की गई थी, लेकिन इस पर ध्यान नहीं दिया गया। हालांकि, हादसे की वास्तविक वजह और जिम्मेदारी की स्थिति जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।
फैक्ट्री गेट पर ग्रामीणों का प्रदर्शन
हादसे की जानकारी मिलते ही शनिवार सुबह मृतकों के परिजन और बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीण फैक्ट्री के मुख्य गेट पर जुट गए। लोगों ने मृतकों के आश्रितों को उचित मुआवजा और स्थायी नौकरी देने की मांग को लेकर गेट जाम कर विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। स्थिति को देखते हुए मौके पर पुलिस बल तैनात किया गया है। प्रशासन और पुलिस की ओर से प्रदर्शनकारियों को समझाने का प्रयास जारी है।