रांची: राजधानी रांची में नशे के कारोबार के खिलाफ पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। रांची पुलिस और नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (NCB) की संयुक्त टीम ने नगड़ी इलाके में कार्रवाई करते हुए एक कार से भारी मात्रा में अवैध गांजा बरामद किया है। वाहन की तलाशी के दौरान टीम के हाथ 97 किलोग्राम गांजा लगा।
कार में छिपाकर ले जा रहे थे गांजा
संयुक्त टीम ने कार्रवाई के दौरान कार को रोककर तलाशी ली, जिसके बाद गांजे की बड़ी खेप बरामद हुई। मौके से तीन अंतरराज्यीय गांजा तस्करों को गिरफ्तार किया गया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान शुभम, सूरज और एक अन्य के रूप में हुई है।
बड़े नेटवर्क का हिस्सा होने की आशंका
पुलिस और NCB अब गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर रही है। जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि गांजे की यह खेप कहां से लाई गई थी और इसे कहां पहुंचाया जाना था। साथ ही तस्करी के पीछे सक्रिय नेटवर्क और इसमें शामिल अन्य लोगों की जानकारी जुटाई जा रही है। नगड़ी में हुई इस कार्रवाई को मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ पुलिस और NCB की बड़ी कार्रवाई माना जा रहा है। मामले में आगे की जांच जारी है।