रांची: भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन शनिवार को अपने दो दिवसीय संगठनात्मक दौरे पर राजधानी रांची पहुंचे। राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने के बाद झारखंड के इस पहले दौरे को लेकर पार्टी कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह देखने को मिला। रांची एयरपोर्ट पर प्रदेश भाजपा नेताओं, पदाधिकारियों और बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया।
एयरपोर्ट से लेकर पार्टी कार्यालय तक जगह-जगह कार्यकर्ताओं ने फूल-मालाओं और नारों के साथ उनका अभिनंदन किया। स्वागत कार्यक्रम में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू, नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी समेत कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे।
अपने दौरे के दौरान नितिन नवीन संगठन की मजबूती, आगामी चुनावों की तैयारियों और बूथ स्तर तक पार्टी की सक्रियता बढ़ाने को लेकर नेताओं और कार्यकर्ताओं के साथ महत्वपूर्ण बैठकें करेंगे। बताया जा रहा है कि वे संगठन के विभिन्न मोर्चों और प्रकोष्ठों के पदाधिकारियों के साथ भी अलग-अलग बैठक कर जमीनी स्थिति का फीडबैक लेंगे।
भाजपा के लिए झारखंड राजनीतिक रूप से अहम राज्य माना जाता है। ऐसे में राष्ट्रीय अध्यक्ष का यह दौरा संगठन को नई ऊर्जा देने और आगामी रणनीति को धार देने के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। पार्टी नेतृत्व का लक्ष्य कार्यकर्ताओं के साथ सीधा संवाद स्थापित कर संगठनात्मक ढांचे को और मजबूत करना है।
राष्ट्रीय अध्यक्ष के दौरे को लेकर प्रदेश भाजपा इकाई ने व्यापक तैयारियां की हैं। पार्टी नेताओं का मानना है कि इस दौरे से कार्यकर्ताओं का मनोबल बढ़ेगा और आगामी राजनीतिक चुनौतियों से निपटने के लिए संगठन को नई दिशा मिलेगी।