रांची: राजधानी रांची के जगरनाथपुर थाना क्षेत्र स्थित सेल सिटी न्यू पुंदाग इलाके में चोरों ने एक घर को निशाना बनाते हुए लाखों रुपये की संपत्ति पर हाथ साफ कर दिया। जानकारी के अनुसार, चोर घर से करीब 50 ग्राम सोने के आभूषण और 1 लाख 55 हजार रुपये नकद लेकर फरार हो गए।
घटना की जानकारी मिलने के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। पीड़ित परिवार ने चोरी की सूचना जगरनाथपुर थाना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी।
बताया जा रहा है कि चोरों ने घर में घुसकर अलमारी और अन्य सामान खंगाला तथा सोने के गहनों के साथ नकदी लेकर फरार हो गए। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और चोरों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है।
पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और जल्द ही आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।