2.20 करोड़ का इनामी माओवादी असीम मंडल ने किया सरेंडर, कोल्हान में नक्सली नेटवर्क को बड़ा झटका

Mahak Kumari
3 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now
YouTube Channel Subscribe

Ranchi: वामपंथी उग्रवाद के खिलाफ चल रहे अभियान के बीच सुरक्षा एजेंसियों को बड़ी सफलता मिली है। भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी माओवादी के केंद्रीय कमेटी सदस्य और लंबे समय से सुरक्षा बलों के लिए चुनौती बने असीम मंडल उर्फ आकाश ने पश्चिम बंगाल में आत्मसमर्पण कर दिया है। असीम मंडल पर झारखंड और ओडिशा सरकार ने कुल 2 करोड़ 20 लाख रुपये का इनाम घोषित कर रखा था।

इसमें झारखंड सरकार की ओर से एक करोड़ रुपये, जबकि ओडिशा सरकार ने 1 करोड़ 20 लाख रुपये का इनाम घोषित किया था।

असीम मंडल का परिचय

सुरक्षा एजेंसियों के रिकॉर्ड के मुताबिक असीम मंडल कई नामों से संगठन में सक्रिय रहा है। उसे आकाश, तिमिर, मनोज, दीपक और राकेश जैसे नामों से भी जाना जाता है। वह भाकपा माओवादी की केंद्रीय कमेटी का सदस्य बताया जाता है।

55 गंभीर मामलों में था वांछित

असीम मंडल के खिलाफ झारखंड, ओडिशा और पश्चिम बंगाल में करीब 55 संगीन मामले दर्ज होने की बात सामने आई है। बताया जाता है कि वह लंबे समय तक कोल्हान और सारंडा के घने जंगलों में माओवादी गतिविधियों से जुड़ा रहा और सुरक्षा बलों के खिलाफ कई बड़ी घटनाओं में उसकी भूमिका रही।

इन बड़ी घटनाओं से जुड़ा नाम

1 मार्च 2026 को चाईबासा के छोटानागरा थाना क्षेत्र के मारंगपोंगा में मुठभेड़ हुई थी। इस दौरान 209 कोबरा बटालियन के एक असिस्टेंट कमांडेंट समेत दो सुरक्षाकर्मी घायल हुए थे।

12 अप्रैल 2025 को जराइकेला थाना क्षेत्र के राधापोरा में हुई मुठभेड़ में झारखंड जगुआर का एक जवान शहीद हुआ था।

11 जनवरी 2023 को टोंटो थाना क्षेत्र के तुंबाहाका जंगल में आईईडी विस्फोट और मुठभेड़ की घटना में 209 कोबरा के नौ जवान घायल हुए थे।

इसके अलावा 31 मई 2020 को कराइकेला थाना क्षेत्र के जोनवा में सुरक्षा बलों पर हुए हमले में एक जवान की जान गई थी। वहीं 11 जुलाई 2018 को पूर्वी सिंहभूम के एमजीएम थाना क्षेत्र स्थित झाटी पहाड़ी में मुठभेड़ के दौरान भी एक जवान शहीद हुआ था।

सरेंडर के बाद पूछताछ तेज

असीम मंडल के आत्मसमर्पण के बाद सुरक्षा एजेंसियां उससे पूछताछ कर रही हैं। जांच एजेंसियों की नजर अब माओवादी संगठन के नेटवर्क, हथियारों के ठिकानों और जंगलों में छिपाकर रखी गई विस्फोटक सामग्री की जानकारी हासिल करने पर है।

बताया जा रहा है कि पूछताछ में मिली जानकारी के आधार पर सारंडा और आसपास के इलाकों में हथियार, कारतूस और विस्फोटक सामग्री बरामद करने के लिए अभियान चलाया जा सकता है।

असीम मंडल का आत्मसमर्पण कोल्हान क्षेत्र में सक्रिय माओवादी नेटवर्क के लिए अहम घटनाक्रम माना जा रहा है।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *