2018 बैच के पांच दारोगा बने इंस्पेक्टर, वीरता पुरस्कार ने दिलाया आउट ऑफ टर्न प्रमोशन

Mahak Kumari
3 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now
YouTube Channel Subscribe

Ranchi: झारखंड पुलिस के 2018 बैच के लिए यह गौरव का पल है। इस बैच में करीब 2650 दारोगा की नियुक्ति हुई थी, जिनमें कई अधिकारियों को नक्सल प्रभावित इलाकों में ऑपरेशन की जिम्मेदारी दी गई। इसी दौरान कुछ युवा पुलिस अधिकारियों ने अदम्य साहस और वीरता का परिचय देते हुए नक्सलियों के खिलाफ अभियानों में अहम भूमिका निभाई।नक्सल ऑपरेशन में उत्कृष्ट साहस और कर्तव्यनिष्ठा के लिए 2018 बैच के पांच दारोगा को गैलेंट्री अवॉर्ड से सम्मानित किया गया। वीरता पुरस्कार मिलने के बाद इन अधिकारियों को सामान्य प्रक्रिया से अलग आउट ऑफ टर्न प्रमोशन का लाभ मिला है। अब ये सभी दारोगा इंस्पेक्टर बन चुके हैं।प्रमोशन पाने वाले अधिकारियों में रौशन कुमार सिंह, विश्वजीत कुमार सिंह, कुंदन कुमार, अर्जुन कुमार सिंह और प्रभात के नाम शामिल हैं। बताया जा रहा है कि इन अधिकारियों को जिस अवधि में नक्सल ऑपरेशन में उनकी वीरता सामने आई, उसी तिथि से प्रमोशन का लाभ दिया गया है। ये सभी अधिकारी वर्ष 2021-22 के दौरान नक्सल विरोधी अभियानों में शामिल रहे थे।

वीरता पुरस्कार के बाद बदली प्रमोशन की राह

कानून-व्यवस्था बनाए रखने और उग्रवाद व अपराध के खिलाफ चलाए गए विशेष अभियानों में असाधारण प्रदर्शन करने वाले इन अधिकारियों को गैलेंट्री अवॉर्ड दिया गया था। पुलिस सेवा के नियमों के तहत वीरता पुरस्कार प्राप्त करने वाले अधिकारियों को आउट ऑफ टर्न प्रमोशन का प्रावधान है। इसी नियम के तहत इन पांचों अधिकारियों को समय से पहले इंस्पेक्टर पद पर प्रोन्नति मिली है।

अपने बैच से कई साल आगे निकले

2018 बैच के अधिकांश दारोगा अभी भी अपने पद पर सेवाएं दे रहे हैं। सामान्य प्रमोशन प्रक्रिया के तहत उन्हें इंस्पेक्टर बनने के लिए अभी कई साल इंतजार करना पड़ सकता है। लेकिन वीरता और उत्कृष्ट सेवा के दम पर इन पांच अधिकारियों ने यह मुकाम समय से पहले हासिल कर लिया।

युवा पुलिस अधिकारियों का बढ़ेगा मनोबल

पुलिस विभाग में इस प्रमोशन को युवा अधिकारियों के लिए प्रेरणादायक माना जा रहा है। अधिकारियों का मानना है कि नक्सल विरोधी अभियानों और चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में साहस दिखाने वाले पुलिसकर्मियों को इस तरह सम्मान मिलने से फील्ड में काम कर रहे जवानों और अफसरों का मनोबल बढ़ेगा। इन पांचों अधिकारियों के कंधों पर अब इंस्पेक्टर के स्टार चमकेंगे। उनकी उपलब्धि 2018 बैच के लिए भी गर्व का विषय बनी है और यह संदेश देती है कि उत्कृष्ट सेवा, साहस और कर्तव्यनिष्ठा को पुलिस विभाग में सम्मान के साथ-साथ करियर में भी आगे बढ़ने का अवसर मिलता है।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *