रांची: झारखंड सरकार ने राज्य के नए महाधिवक्ता (एडवोकेट जनरल) के पद पर वरिष्ठ अधिवक्ता रोहितशय रॉय की नियुक्ति कर दी है। इस संबंध में विधि विभाग की ओर से आधिकारिक अधिसूचना जारी कर दी गई है।
पूर्व महाधिवक्ता राजीव रंजन के इस्तीफे के बाद से इस पद को लेकर कई नामों की चर्चा चल रही थी। आखिरकार सरकार ने रोहितशय रॉय पर भरोसा जताते हुए उन्हें राज्य का सर्वोच्च विधिक अधिकारी नियुक्त किया है।
महाधिवक्ता के रूप में रोहितशय रॉय राज्य सरकार को कानूनी मामलों में सलाह देंगे और झारखंड हाईकोर्ट समेत अन्य न्यायिक मंचों पर सरकार का पक्ष रखेंगे। विधि क्षेत्र में उनके लंबे अनुभव को देखते हुए उनकी नियुक्ति को महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
राजनीतिक और कानूनी गलियारों में इस नियुक्ति को लेकर सकारात्मक प्रतिक्रिया देखने को मिल रही है। माना जा रहा है कि उनके नेतृत्व में सरकार से जुड़े अहम मामलों की प्रभावी पैरवी की जाएगी।