रांची: झारखंड में मौसम एक बार फिर करवट लेने वाला है। मौसम केंद्र ने तात्कालिक चेतावनी जारी करते हुए राज्य के 12 जिलों में अगले एक से तीन घंटे के दौरान मेघ गर्जन, बारिश और वज्रपात की आशंका जताई है। इस दौरान कुछ इलाकों में तेज हवाएं भी चल सकती हैं।
मौसम विभाग के अलर्ट के मुताबिक, प्रभावित क्षेत्रों में हल्के से मध्यम दर्जे की मेघ गर्जन के साथ बारिश होने की संभावना है। वहीं, हवा की रफ्तार 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंच सकती है। कुछ स्थानों पर 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की भी संभावना है।
इन 12 जिलों में अलर्ट
मौसम केंद्र ने गढ़वा, पलामू, सिमडेगा, पश्चिमी सिंहभूम, चतरा, पूर्वी सिंहभूम, गुमला, लातेहार, लोहरदगा, सरायकेला-खरसावां, हजारीबाग और खूंटी के कुछ हिस्सों के लिए मौसम संबंधी चेतावनी जारी की है।
वज्रपात से बचाव के लिए सावधानी जरूरी
मौसम खराब होने के दौरान लोगों को खुले स्थानों पर जाने से बचने की सलाह दी गई है। वज्रपात की आशंका को देखते हुए पेड़ के नीचे खड़े नहीं होने और बिजली के खंभों, ऊंचे ढांचों तथा खुले मैदानों से दूरी बनाए रखने की अपील की गई है।लोगों को सलाह दी गई है कि मौसम बिगड़ने पर किसी सुरक्षित और पक्के मकान या अन्य सुरक्षित स्थान में शरण लें। वहीं, किसानों से भी अपील की गई है कि मौसम सामान्य होने तक खेतों में जाने से बचें।
मौसम केंद्र ने लोगों से बदलते मौसम के दौरान सतर्क रहने और स्थानीय मौसम संबंधी चेतावनियों पर नजर बनाए रखने की अपील की है।