जमशेदपुर: 734 करोड़ रुपये के कथित GST घोटाले से जुड़े मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए स्क्रैप कारोबारी ज्ञानचंद जायसवाल उर्फ बबलू जायसवाल और उनके बेटे राज जायसवाल को गिरफ्तार किया है। दोनों की गिरफ्तारी बुधवार देर रात करीब एक बजे बिष्टुपुर स्थित आवास से किए जाने की जानकारी सामने आई है। ED की कार्रवाई के तहत झारखंड और पश्चिम बंगाल में एक साथ कई ठिकानों पर तलाशी ली गई। जांच एजेंसी की टीमों ने कुल छह स्थानों पर छापेमारी की, जिसमें जमशेदपुर के बिष्टुपुर समेत तीन और कोलकाता के दो ठिकाने शामिल बताए जा रहे हैं।
छापेमारी में दस्तावेज और बैंक रिकॉर्ड की जांच
तलाशी अभियान के दौरान ED ने वित्तीय लेन-देन से जुड़े दस्तावेज, बैंक खातों के रिकॉर्ड और अन्य संदिग्ध सामग्री बरामद किए जाने की बात कही है। एजेंसी इन दस्तावेजों के आधार पर कथित GST घोटाले से जुड़े लेन-देन और अन्य कड़ियों की जांच कर रही है।
मेडिकल के बाद रांची लाए गए दोनों आरोपी
गिरफ्तारी के बाद ED की टीम दोनों आरोपियों को सुरक्षा के बीच जमशेदपुर के एमजीएम अस्पताल लेकर पहुंची, जहां उनका मेडिकल परीक्षण कराया गया। प्रक्रिया पूरी होने के बाद दोनों को ED की टीम रांची स्थित जोनल कार्यालय ले गई। रांची में दोनों से मामले से जुड़े वित्तीय लेन-देन और अन्य पहलुओं को लेकर पूछताछ किए जाने की बात कही जा रही है। मामले में जांच एजेंसी की कार्रवाई आगे भी जारी रहने की संभावना है।