आदित्यपुर: एनआईटी जमशेदपुर में ग्रेडिंग सिस्टम को लेकर सोमवार को छात्रों का आक्रोश देखने को मिला। तीसरे सेमेस्टर के बड़ी संख्या में छात्र वर्तमान ग्रेडिंग व्यवस्था में बदलाव की मांग को लेकर संस्थान के मुख्य प्रशासनिक भवन के सामने धरने पर बैठ गए। देर रात तक छात्रों का प्रदर्शन जारी रहा। सूचना मिलने पर आरआईटी थाना पुलिस भी मौके पर पहुंची, लेकिन छात्र अपनी मांगों पर अड़े रहे।
लिखित आश्वासन की मांग पर अड़े छात्र
प्रदर्शनकारी छात्रों का कहना है कि वर्तमान ग्रेडिंग सिस्टम उनके हितों के अनुकूल नहीं है। इसलिए इसमें बदलाव किया जाना चाहिए। छात्रों ने संस्थान प्रबंधन से केवल मौखिक आश्वासन के बजाय लिखित आश्वासन देने की मांग की है।
इस मुद्दे पर छात्र प्रतिनिधियों और संस्थान प्रबंधन के बीच बातचीत भी हुई, लेकिन कोई सहमति नहीं बन सकी। छात्रों ने साफ कर दिया कि जब तक उन्हें लिखित आश्वासन नहीं मिलता, तब तक उनका आंदोलन जारी रहेगा।
सीनेट की मंजूरी के बाद ही बदलेगा ग्रेडिंग सिस्टम
वहीं, संस्थान प्रबंधन का कहना है कि ग्रेडिंग सिस्टम में बदलाव का प्रस्ताव सीनेट से पारित होने और सर्वसम्मति से निर्णय लिए जाने के बाद ही अगले सेमेस्टर से लागू किया जा सकता है।
फिलहाल संस्थान के निदेशक अवकाश पर हैं। ऐसे में निदेशक या सीनेट की मंजूरी के बिना प्रबंधन के लिए लिखित आश्वासन देना संभव नहीं है।
छात्रों और प्रबंधन के बीच गतिरोध बरकरार
प्रबंधन के इस तर्क से छात्र संतुष्ट नहीं हुए। इसके बाद भी छात्र प्रशासनिक भवन के सामने धरने पर डटे रहे। देर रात तक प्रदर्शन जारी रहने से संस्थान परिसर में तनावपूर्ण स्थिति बनी रही।
समाचार लिखे जाने तक छात्रों और प्रबंधन के बीच गतिरोध बरकरार था। अब देखना होगा कि संस्थान प्रबंधन छात्रों की मांगों पर क्या निर्णय लेता है।