रांची: राजधानी रांची स्थित राज हॉस्पिटल में भर्ती एक मरीज की मौत के बाद मंगलवार को अस्पताल परिसर में जमकर हंगामा हुआ। मृतक के परिजनों ने अस्पताल प्रबंधन और डॉक्टरों पर इलाज में लापरवाही का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित करने में जुट गई।
मृतक की पहचान राजू कुमार रंजन के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार, 24 मई को सड़क दुर्घटना में पैर गंभीर रूप से घायल होने के बाद उन्हें राज हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया था। उनका आरोप है कि इलाज के दौरान पैर में संक्रमण फैल गया, जिससे उनकी तबीयत लगातार बिगड़ती गई और अंततः उनकी मौत हो गई।
परिजनों का कहना है कि मरीज अस्पताल और डॉक्टरों की निगरानी में था, ऐसे में संक्रमण फैलना गंभीर लापरवाही को दर्शाता है। उन्होंने आरोप लगाया कि समय रहते उचित इलाज नहीं मिलने के कारण मरीज की जान चली गई।
मरीज की मौत के बाद परिजनों ने अस्पताल परिसर में विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान अस्पताल प्रबंधन का कोई जिम्मेदार अधिकारी सामने नहीं आया और मीडिया के सवालों का भी कोई जवाब नहीं दिया गया।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है। वहीं, अस्पताल प्रबंधन की ओर से अब तक इस घटना पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया जारी नहीं की गई है। परिजन दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।
मृतक के परिजन:
“24 मई को एक्सीडेंट के बाद अस्पताल में भर्ती कराया था। पैर में चोट थी, लेकिन इलाज के दौरान संक्रमण फैल गया। डॉक्टरों ने समय पर ध्यान नहीं दिया, जिसकी वजह से आज हमारे परिजन की मौत हो गई। अस्पताल में कोई जवाब देने वाला भी नहीं है।”