झारखंड में महिला सुपरवाइजरों की नई तैनाती, 17 नवनियुक्त पर्यवेक्षिकाओं को मिला जिला आवंटन

Mahak Kumari
2 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now
YouTube Channel Subscribe

Ranchi: झारखंड सरकार के महिला, बाल विकास एवं सामाजिक सुरक्षा विभाग के अधीन समाज कल्याण निदेशालय ने 17 नवनियुक्त महिला पर्यवेक्षिकाओं की पदस्थापना का आदेश जारी कर दिया है। झारखंड कर्मचारी चयन आयोग (जेएसएससी) की अनुशंसा के बाद नियुक्त इन अभ्यर्थियों को राज्य के विभिन्न जिलों और परियोजनाओं में जिम्मेदारी सौंपी गई है।

निदेशालय की ओर से जारी आदेश में कहा गया है कि स्थापना समिति की बैठक में लिए गए निर्णय के आधार पर पदस्थापना की प्रक्रिया पूरी की गई। इसके तहत सभी चयनित महिला पर्यवेक्षिकाओं को जिला एवं परियोजना स्तर पर तैनात किया गया है। संबंधित कर्मियों की नियुक्ति योगदान देने की तिथि से अस्थायी एवं परिक्ष्यमान मानी जाएगी तथा उन्हें नियमानुसार वेतन और अन्य सुविधाएं प्रदान की जाएंगी।

जारी सूची के अनुसार गुड़िया कुमारी को चतरा के सिमरिया, ऊषा निषाद को साहेबगंज के बरहरवा, मुन्नी कुमारी को धनबाद सदर, संगीता कुमारी को बोकारो के चंदनकियारी और दीपिका कुमारी को गिरिडीह के धनवार में पदस्थापित किया गया है। वहीं सत्या कुमारी को गोड्डा के पोड़ैयाहाट, अनिता कुमारी को धनबाद के टुंडी, सच्ची रानी को पलामू के तरहसी और पूजा गुप्ता को साहेबगंज के मंडरो परियोजना की जिम्मेदारी दी गई है।

इसके अलावा प्रतिभा कुमारी को देवघर के मारगोमुंडा, रेखा कुमारी को कोडरमा के डोमचांच, गुड़िया कुमारी को हजारीबाग के चौपारण, काजल कुमारी को गिरिडीह के गांवा और पूजा कुमारी को गिरिडीह के धनवार में तैनात किया गया है। छाया कुमारी को पश्चिमी सिंहभूम के सोनुवा, कुमारी दामिनी पाण्डेय को पलामू के पाटन तथा प्रिया कुमारी को जामताड़ा के करमाटांड़ परियोजना में पदस्थापन मिला है।

विभाग का मानना है कि इन नियुक्तियों से जिले स्तर पर महिला एवं बाल विकास से जुड़ी योजनाओं के संचालन और निगरानी व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ किया जा सकेगा। महिला पर्यवेक्षिकाएं आंगनबाड़ी केंद्रों के कार्यों की समीक्षा करने के साथ-साथ पोषण और सामाजिक सुरक्षा से संबंधित योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन में अहम भूमिका निभाएंगी।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *