युवा कांग्रेस के प्रशिक्षण शिविर में मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की का जोर, कहा- जमीनी सक्रियता और समावेशी नेतृत्व से मजबूत होगा संगठन

Mahak Kumari
3 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now
YouTube Channel Subscribe

रांची: झारखंड प्रदेश युवा कांग्रेस की ओर से तुपुदाना स्थित राज विला बैंक्वेट हॉल में बुनियादी प्रशिक्षण शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में झारखंड सरकार की कृषि, पशुपालन एवं सहकारिता मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की शामिल हुईं। उन्होंने संगठन को मजबूत बनाने के लिए जमीनी सक्रियता, बेहतर समन्वय, स्पष्ट कार्ययोजना और समावेशी नेतृत्व को जरूरी बताया। मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की ने कहा कि युवा कांग्रेस को प्रदेश कांग्रेस संगठन के साथ बेहतर तालमेल और समन्वय के साथ काम करना चाहिए। प्रदेश से लेकर जिला, प्रखंड, पंचायत और बूथ स्तर तक कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारियां स्पष्ट होनी चाहिए और उनके काम की नियमित समीक्षा भी जरूरी है। उन्होंने कहा कि संगठन की योजनाओं और कार्यक्रमों का असर तभी दिखाई देगा, जब उन्हें समयबद्ध तरीके से लागू किया जाए। इसके लिए पंचायत, प्रखंड और बूथ कमेटियों को सक्रिय और मजबूत करना आवश्यक है।

शिल्पी नेहा तिर्की ने सामाजिक प्रतिनिधित्व पर भी जोर दिया। उन्होंने कहा कि युवा कांग्रेस में आदिवासी, दलित और महिला नेतृत्व की भागीदारी बढ़ाने के लिए समान अवसर और नेतृत्व के लिए उचित मंच उपलब्ध कराया जाना चाहिए। समाज के सभी वर्गों की भागीदारी से संगठन का आधार और मजबूत होगा तथा वह आम लोगों के मुद्दों से बेहतर तरीके से जुड़ सकेगा।

मंत्री ने कहा कि संगठन की मजबूती केवल कार्यक्रमों की संख्या से तय नहीं होती, बल्कि जमीनी सक्रियता, सामूहिक जिम्मेदारी, आपसी समन्वय और समावेशी नेतृत्व से होती है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से प्रदेश से लेकर बूथ स्तर तक अपनी जिम्मेदारियों को पूरी प्रतिबद्धता के साथ निभाने का आह्वान किया। उन्होंने युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं से राहुल गांधी के संघर्ष, संविधान के प्रति प्रतिबद्धता और सामाजिक न्याय की विचारधारा से प्रेरणा लेकर जनहित के मुद्दों पर सक्रिय भूमिका निभाने की अपील की। उन्होंने कहा कि युवाओं की ऊर्जा और संगठनात्मक अनुशासन के साथ समाज के सभी वर्गों की भागीदारी संगठन को जमीनी स्तर पर और प्रभावी बना सकती है।

कार्यक्रम में अखिल भारतीय युवा कांग्रेस के प्रभारी मनीष शर्मा, झारखंड युवा कांग्रेस के प्रभारी श्रवण राव, सह-प्रभारी प्रीति मांझी, झारखंड युवा कांग्रेस अध्यक्ष कुमार गौरव समेत कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *