नामकुम में मंत्री योगेंद्र प्रसाद का स्वच्छता संदेश, खुद उठाया झाड़ू और लोगों से कहा- प्लास्टिक छोड़ें, कपड़े का थैला अपनाएं

Mahak Kumari
3 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now
YouTube Channel Subscribe

रांची: स्वच्छता को जनभागीदारी से जोड़ने के उद्देश्य से नामकुम प्रखंड में “स्वच्छता ही सेवा–2026” के तहत विशेष स्वच्छता श्रमदान और जन-जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में पेयजल एवं स्वच्छता मंत्री योगेंद्र प्रसाद ने न सिर्फ लोगों को स्वच्छता का संदेश दिया, बल्कि खुद श्रमदान कर अभियान में भागीदारी का उदाहरण भी पेश किया।

मंत्री योगेंद्र प्रसाद ने कहा कि स्वच्छता किसी एक विभाग या सरकार की जिम्मेदारी नहीं है। घर से लेकर गांव और सार्वजनिक स्थानों तक साफ-सफाई बनाए रखना हर नागरिक की जिम्मेदारी है। उन्होंने लोगों से स्वच्छता को किसी विशेष अभियान के बजाय रोजमर्रा की आदत बनाने की अपील की। कार्यक्रम के दौरान मंत्री ने कार्यक्रम स्थल और आसपास के क्षेत्र में सफाई की। उनके साथ जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, कर्मचारियों और स्थानीय लोगों ने भी श्रमदान किया। इस दौरान लोगों को स्वच्छता के प्रति सामूहिक जिम्मेदारी का संदेश दिया गया।

प्लास्टिक के खिलाफ चला जागरूकता अभियान

कार्यक्रम में सिंगल यूज प्लास्टिक के इस्तेमाल को कम करने पर विशेष जोर दिया गया। मंत्री ने लोगों से बाजार और दैनिक जरूरतों में प्लास्टिक की जगह कपड़े के थैले का इस्तेमाल करने की अपील की। आम लोगों के बीच कपड़े के थैले भी वितरित किए गए। मंत्री ने कहा कि पर्यावरण को बचाने के लिए बड़े बदलाव के साथ-साथ रोजमर्रा की छोटी आदतों में बदलाव भी जरूरी है। प्लास्टिक का इस्तेमाल कम कर कपड़े के थैले को अपनाना इसी दिशा में एक प्रभावी कदम है।

स्वच्छता के साथ पर्यावरण संरक्षण का संदेश

कार्यक्रम में “एक पेड़ मां के नाम” अभियान के तहत पौधारोपण भी किया गया। मंत्री और अधिकारियों ने पौधे लगाकर लोगों को स्वच्छता के साथ पर्यावरण संरक्षण के लिए भी प्रेरित किया।

इसके अलावा स्वच्छता शपथ, सेल्फी प्वाइंट और अन्य जागरूकता गतिविधियों के जरिए लोगों को अभियान से जोड़ने का प्रयास किया गया। गुब्बारे उड़ाकर भी स्वच्छता और जन-जागरूकता का संदेश दिया गया।

पेयजल एवं स्वच्छता विभाग के सचिव अबु इमरान ने ग्रामीण क्षेत्रों में ठोस एवं तरल कचरा प्रबंधन को मजबूत करने की आवश्यकता बताई। उन्होंने कहा कि स्वच्छता व्यवस्था को प्रभावी बनाने में समुदाय की सक्रिय भागीदारी बेहद महत्वपूर्ण है।

वहीं, स्वच्छ भारत मिशन ग्रामीण की मिशन निदेशक रंजीता हेम्ब्रम ने कहा कि स्वच्छता ही सेवा अभियान को केवल आयोजन तक सीमित नहीं रखा जाना चाहिए। इसे लगातार जनभागीदारी और व्यवहार परिवर्तन से जोड़ने की जरूरत है।

कार्यक्रम में संयुक्त सचिव शशिंद्र बड़ाइक, नामकुम BDO, UNICEF के WASH Expert कुमार प्रेमचंद समेत विभागीय अधिकारी, कर्मचारी और स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *