नई दिल्ली: वियतनाम में सड़क हादसे में जान गंवाने वाले योग शिक्षक राजा कुमार वर्मा के पार्थिव शरीर को भारत लाने की प्रक्रिया तेज हो गई है। इस मामले को लेकर केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ ने विदेश मंत्री डॉ. एस. जयशंकर से मुलाकात की।मुलाकात के दौरान संजय सेठ ने विदेश मंत्री से मामले में व्यक्तिगत हस्तक्षेप करते हुए राजा कुमार वर्मा के पार्थिव शरीर को जल्द भारत लाने के लिए आवश्यक कदम उठाने का आग्रह किया। उन्होंने संबंधित कागजी कार्रवाई और जरूरी औपचारिकताओं को जल्द पूरा कराने के लिए अधिकारियों को निर्देश देने की भी मांग की। विदेश मंत्री डॉ. एस. जयशंकर ने मामले में हर संभव सहायता उपलब्ध कराने का भरोसा दिया। उन्होंने आश्वासन दिया कि भारत सरकार की ओर से जरूरी सहयोग किया जाएगा।

शनिवार से पहले भारत पहुंचने की उम्मीद
मिली जानकारी के अनुसार, राजा कुमार वर्मा का पार्थिव शरीर शनिवार से पहले भारत पहुंचने की उम्मीद है। इसके लिए वियतनाम में आवश्यक प्रक्रिया पूरी कराने पर काम किया जा रहा है। राजा कुमार वर्मा योग शिक्षक थे और प्रशिक्षण के सिलसिले में वियतनाम गए थे। वहां सड़क दुर्घटना में उनकी मौत हो गई। घटना के बाद से परिजन उनके पार्थिव शरीर के भारत लौटने का इंतजार कर रहे हैं।