रांची: भाजपा किसान मोर्चा झारखंड प्रदेश के नेता सह झारखंड राज्य समाज कल्याण आंगनवाड़ी कर्मचारी संघ के संयोजक जय प्रकाश पांडेय ने देशभर में बढ़ती खाद्य पदार्थों में मिलावट पर चिंता जताई है। उन्होंने कहा कि मिलावटी खाद्य पदार्थों का लगातार सेवन आम लोगों के स्वास्थ्य के लिए गंभीर खतरा बनता जा रहा है।
जय प्रकाश पांडेय ने कहा कि झारखंड समेत देश के कई राज्यों में आटा, खाद्य तेल, दूध, मिठाई, खोवा, सब्जी, मांस और अन्य खाद्य पदार्थों में मिलावट की शिकायतें सामने आती रहती हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि खाद्य पदार्थों की जांच और मिलावट पर नियंत्रण की व्यवस्था प्रभावी ढंग से लागू नहीं होने के कारण आम लोगों को परेशानी उठानी पड़ रही है।
उन्होंने कहा कि बड़े होटलों और खाद्य प्रतिष्ठानों में भी एक्सपायरी तथा संदिग्ध गुणवत्ता वाले खाद्य पदार्थों के इस्तेमाल की शिकायतें चिंता का विषय हैं। पांडेय ने संबंधित जांच एजेंसियों से खाद्य पदार्थों की नियमित और निष्पक्ष जांच सुनिश्चित करने की मांग की।
उन्होंने कहा कि मिलावटी खाद्य पदार्थों के कारण लोगों के स्वास्थ्य पर प्रतिकूल असर पड़ सकता है और समाज में स्वास्थ्य संबंधी समस्याएं बढ़ने की आशंका बनी रहती है। सरकार को इस दिशा में प्रभावी कदम उठाने की जरूरत है।
जय प्रकाश पांडेय ने केंद्र सरकार से खाद्य मिलावट और जमाखोरी पर नियंत्रण के लिए सख्त कानून बनाने तथा दोषियों के खिलाफ कठोर दंड का प्रावधान करने की मांग की। उन्होंने राज्य सरकारों को भी खाद्य सुरक्षा नियमों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित कराने की अपील की।
उन्होंने कहा कि खाद्य पदार्थों में मिलावट के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई से आम लोगों को सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण भोजन उपलब्ध कराया जा सकेगा। साथ ही स्वस्थ समाज के निर्माण और विकसित भारत के संकल्प को पूरा करने में भी मदद मिलेगी।