रांची: झारखंड में JSSC-CGL नियुक्ति विवाद को लेकर हाईकोर्ट ने बड़ा फैसला सुनाया है। अदालत ने राज्य सरकार की ओर से 18 अगस्त 2026 को जारी उस अधिसूचना को निरस्त कर दिया है, जिसके तहत JSSC-CGL (विज्ञापन संख्या 10/2023) की नियुक्तियों को रद्द करने का आदेश दिया गया था। न्यायमूर्ति दीपक रोशन की अदालत के इस फैसले से नौकरी कर रहे करीब 1932 से 2000 अभ्यर्थियों को बड़ी राहत मिली है। शुक्रवार को झारखंड हाईकोर्ट ने रमेश उरांव एवं अन्य, आकाश गौरव एवं अन्य तथा निरोज खेस एवं अन्य की ओर से दायर अलग-अलग याचिकाओं पर सुनवाई के बाद यह फैसला सुनाया। याचिकाकर्ताओं ने राज्य सरकार के नियुक्ति रद्द करने के फैसले को चुनौती दी थी।
दोषी अभ्यर्थियों पर सुप्रीम कोर्ट का आदेश रहेगा लागू
अदालत ने अपने फैसले में स्पष्ट किया कि इस मामले में सुप्रीम कोर्ट की ओर से पहले दिए गए निर्देश प्रभावी रहेंगे। जांच में जिन अभ्यर्थियों की संलिप्तता और दोष साबित होगा, उन्हें नौकरी से बाहर रहना होगा। सरकार या संबंधित प्राधिकरण सुप्रीम कोर्ट के दिशा-निर्देशों की अनदेखी नहीं कर सकते।
बिना जांच पूरी किए पूरी नियुक्ति रद्द करना उचित नहीं
हाईकोर्ट ने माना कि बिना अनुसंधान पूरा किए पूरी नियुक्ति प्रक्रिया को रद्द करना उचित नहीं था। अदालत के अनुसार, दोषी और निर्दोष अभ्यर्थियों के बीच अंतर किए बिना सभी नियुक्तियों को समाप्त करना न्यायसंगत नहीं है। जिन अभ्यर्थियों की नियुक्ति हो चुकी है, उन्हें बिना ठोस आधार और जांच पूरी किए नौकरी से हटाना उचित नहीं होगा। कोर्ट ने यह भी कहा कि राज्य सरकार का 18 अगस्त 2026 का फैसला प्रकाश कुमार एवं अन्य के मामले में हाईकोर्ट और सुप्रीम कोर्ट द्वारा दिए गए फैसलों के अनुरूप नहीं था।
दोनों पक्षों ने रखीं दलीलें
मामले में राज्य सरकार की ओर से वरीय अधिवक्ता मीनाक्षी अरोड़ा ने पक्ष रखा। वहीं याचिकाकर्ताओं की ओर से वरीय अधिवक्ता राजीव रंजन, गोपाल शंकर नारायण, अधिवक्ता इंद्रजीत सिन्हा और अमृतांश वत्स ने अदालत में दलीलें पेश कीं। हाईकोर्ट के इस फैसले से JSSC-CGL नियुक्ति विवाद में एक बड़ा कानूनी मोड़ आया है। हालांकि, जांच में दोषी पाए जाने वाले अभ्यर्थियों को राहत नहीं मिलेगी और उनके खिलाफ सुप्रीम कोर्ट के निर्देशों के अनुसार कार्रवाई जारी रहेगी।