बरवाअड्डा थाना टकराव केस में जयराम महतो को बड़ी राहत, MP-MLA कोर्ट ने दी अग्रिम जमानत

Mahak Kumari
2 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now
YouTube Channel Subscribe

धनबाद: डुमरी विधायक और JLKM के अध्यक्ष जयराम महतो को बरवाअड्डा थाना परिसर में हुए विवाद से जुड़े मामले में अदालत से बड़ी राहत मिली है। धनबाद सिविल कोर्ट की विशेष MP-MLA अदालत ने सुनवाई के बाद जयराम महतो को अग्रिम जमानत दे दी है। इसी मामले में नामजद तीन अन्य आरोपियों को भी कोर्ट से अग्रिम जमानत मिली है।

मामला 21 अगस्त को बरवाअड्डा थाना परिसर में पुलिस प्रशासन और विधायक समर्थकों के बीच हुए विवाद से जुड़ा है। घटना के बाद थाना प्रभारी की शिकायत पर जयराम महतो समेत कई लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई थी। आरोपियों पर सरकारी काम में बाधा डालने और विधि-व्यवस्था प्रभावित करने समेत कई धाराओं में केस दर्ज किया गया था।

केस डायरी के आधार पर हुई सुनवाई

बुधवार को हुई सुनवाई के दौरान अदालत के पूर्व आदेश के तहत अनुसंधानकर्ता ने केस डायरी कोर्ट के सामने पेश की। पुलिस की ओर से केस डायरी में दर्ज तथ्यों और जांच के दौरान जुटाए गए साक्ष्यों को अदालत के समक्ष रखा गया।

वहीं, लोक अभियोजक ने भी मामले की गंभीरता और आरोपों के आधार पर अग्रिम जमानत का विरोध करते हुए अपनी दलीलें पेश कीं। दोनों पक्षों को सुनने और केस डायरी में उपलब्ध तथ्यों का अवलोकन करने के बाद अदालत ने जयराम महतो को अग्रिम जमानत देने का फैसला सुनाया।

10 नामजद समेत 40-50 अज्ञात पर केस

बरवाअड्डा थाना में दर्ज प्राथमिकी में जयराम महतो के अलावा 10 नामजद और करीब 40 से 50 अज्ञात लोगों को आरोपी बनाया गया है। पुलिस का आरोप है कि 21 अगस्त की घटना के दौरान सरकारी कार्य में बाधा उत्पन्न करने के साथ विधि-व्यवस्था की स्थिति प्रभावित हुई थी।

फिलहाल, अदालत से अग्रिम जमानत मिलने के बाद जयराम महतो को इस मामले में बड़ी कानूनी राहत मिली है। मामले की जांच पुलिस स्तर पर जारी है।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *