CUJ में मेस फीस बढ़ोतरी के खिलाफ छात्रों का हंगामा, मुख्य गेट पर धरना और भूख हड़ताल शुरू

Mahak Kumari
2 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now
YouTube Channel Subscribe

Ranchi: मनातू स्थित सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड (CUJ) के मुख्य परिसर में रविवार देर रात तक छात्रों का आंदोलन जारी रहा। मेस फीस में अचानक बढ़ोतरी और भोजन की गुणवत्ता में लगातार गिरावट से नाराज सैकड़ों छात्रों ने विश्वविद्यालय के मुख्य द्वार पर धरना दिया। आंदोलन के दौरान कुछ छात्रों ने अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल शुरू करने का ऐलान कर दिया, जिसके बाद विश्वविद्यालय प्रशासन की चिंता बढ़ गई।

बिना सूचना फीस बढ़ाने का आरोप

आंदोलन कर रहे छात्रों का आरोप है कि विश्वविद्यालय प्रशासन ने बिना पूर्व सूचना और छात्र प्रतिनिधियों से चर्चा किए मेस शुल्क में अप्रत्याशित बढ़ोतरी कर दी। छात्रों का कहना है कि फीस बढ़ाने के बावजूद भोजन की गुणवत्ता में सुधार के बजाय लगातार गिरावट देखने को मिल रही है।

छात्रों की मांग है कि बढ़ाई गई मेस फीस को तत्काल वापस लिया जाए। साथ ही भोजन की गुणवत्ता में सुधार, मेस के मेन्यू निर्धारण में छात्रों की भागीदारी और लापरवाही बरतने वाले मेस वेंडर के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए।

लिखित आश्वासन पर अड़े छात्र

रविवार रात तक मुख्य गेट पर छात्रों की नारेबाजी जारी रही। स्थिति को देखते हुए विश्वविद्यालय प्रशासन और सुरक्षा कर्मियों ने छात्रों से बातचीत कर आंदोलन समाप्त करने की कोशिश की, लेकिन छात्र अपनी मांगों पर अड़े रहे।

छात्रों ने स्पष्ट किया कि केवल मौखिक आश्वासन से आंदोलन खत्म नहीं होगा। उनका कहना है कि फीस बढ़ोतरी वापस लेने और अन्य मांगों पर प्रशासन की ओर से लिखित एवं ठोस निर्णय मिलने के बाद ही धरना और भूख हड़ताल समाप्त करने पर विचार किया जाएगा।

देर रात तक विश्वविद्यालय के मुख्य द्वार पर पुलिस और प्रशासन की टीम मौजूद रही और पूरे घटनाक्रम पर नजर बनाए रखी। छात्रों के आंदोलन के चलते परिसर का माहौल तनावपूर्ण बना हुआ है।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *