’12 साल विश्वास के’ अभियान को लेकर भाजपा की कार्यशाला, अमर बाउरी ने साधा विपक्ष पर निशाना

Mahak Kumari
3 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now
YouTube Channel Subscribe

रांची: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूरे होने के अवसर पर भाजपा रांची महानगर द्वारा आयोजित “12 साल विश्वास के” अभियान को लेकर एक कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में भाजपा प्रदेश महामंत्री अमर कुमार बाउरी शामिल हुए और अभियान की रूपरेखा पर विस्तार से जानकारी दी।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए अमर कुमार बाउरी ने कहा कि 5 जून विश्व पर्यावरण दिवस से 21 जून अंतरराष्ट्रीय योग दिवस तक विभिन्न चरणों में कई कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इन कार्यक्रमों का उद्देश्य प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में हुए विकास कार्यों और जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी बूथ स्तर तक पहुंचाना है।

उन्होंने बताया कि अभियान के तहत प्रत्येक बूथ पर वृक्षारोपण किया जाएगा, लोगों से सीधे संवाद स्थापित किया जाएगा तथा केंद्र सरकार की उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाया जाएगा। इसके अलावा प्रबुद्ध जन सम्मेलन, विकास यात्रा, संगठन विस्तार अभियान और योग दिवस से जुड़े कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे।

मीडिया से बातचीत के दौरान अमर कुमार बाउरी ने कहा कि 7 जून 2026 को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी लगातार सबसे लंबे समय तक देश की सेवा करने वाले प्रधानमंत्री बनने जा रहे हैं, जो भारतीय लोकतंत्र के इतिहास में एक महत्वपूर्ण और ऐतिहासिक उपलब्धि होगी। उन्होंने कहा कि जनता के विश्वास और समर्थन के कारण प्रधानमंत्री मोदी को लगातार जनकल्याण के कार्य करने का अवसर मिला है, जिसे भाजपा कार्यकर्ता पूरे उत्साह के साथ जनता के बीच जाकर साझा करेंगे।

विपक्ष द्वारा अभियान के विरोध के सवाल पर बाउरी ने कहा कि विरोधी दलों को पहले यह बताना चाहिए कि 12 साल पहले कितने गांवों तक बिजली, सड़क, पानी और आवास की सुविधाएं पहुंची थीं। उन्होंने दावा किया कि भाजपा सरकार ने करोड़ों लोगों तक आयुष्मान भारत योजना, मुफ्त राशन, बिजली और अन्य बुनियादी सुविधाएं पहुंचाने का काम किया है।

उन्होंने कहा कि आज देश में बुनियादी ढांचे का तेजी से विकास हुआ है। सड़क, पुल और हाईवे नेटवर्क के विस्तार से लोगों की यात्रा आसान हुई है। “हवाई चप्पल पहनने वाला व्यक्ति भी आज हवाई जहाज से यात्रा कर रहा है, यह देश के विकास का प्रमाण है,” उन्होंने कहा।

अमर कुमार बाउरी ने दावा किया कि भाजपा सरकार ने झारखंड सहित पूरे देश में विकास की नई इबारत लिखी है और इसी विकास यात्रा को जनता तक पहुंचाने के लिए “12 साल विश्वास के, विकास के और जनकल्याण के” अभियान चलाया जा रहा है।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *