रांची: सुखदेव नगर थाना क्षेत्र के कुमार टोली, चूना भट्ठा, श्री नारायण प्रजापति पथ निवासी 26 वर्षीय राजा कुमार वर्मा की वियतनाम में सड़क हादसे में मौत हो गई। राजा कुमार वर्मा, उमेश कुमार वर्मा के पुत्र थे और वियतनाम में योगा टीचर के रूप में कार्यरत थे। जानकारी के अनुसार, राजा कुमार वर्मा वियतनाम में एक निजी घर में योग का प्रशिक्षण देने के बाद अपनी स्कूटी से कार्यालय लौट रहे थे। इसी दौरान उनकी स्कूटी अनियंत्रित होकर एक कार से टकरा गई। हादसा इतना गंभीर था कि मौके पर ही उनकी मौत हो गई।
घटना की जानकारी मिलने के बाद परिजनों में मातम का माहौल है। राजा कुमार वर्मा के पार्थिव शरीर को रांची लाने की प्रक्रिया जारी है। परिजनों के अनुसार, सोमवार शाम तक उनका पार्थिव शरीर रांची पहुंचने की संभावना है। राजा कुमार वर्मा की असामयिक मौत की खबर से परिवार और स्थानीय लोगों में शोक की लहर है।