वैभव सूर्यवंशी होंगे झारखंड स्वास्थ्य विभाग के ब्रांड एंबेसडर, मंत्री इरफान अंसारी की बड़ी घोषणा

Mahak Kumari
2 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now
YouTube Channel Subscribe

रांची: झारखंड के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने युवा क्रिकेट सनसनी वैभव सूर्यवंशी को लेकर बड़ी घोषणा की है। उन्होंने कहा कि अपनी विस्फोटक बल्लेबाज़ी और असाधारण प्रतिभा से पूरे देश का ध्यान आकर्षित करने वाले वैभव सूर्यवंशी को झारखंड में सम्मानित किया जाएगा। साथ ही उन्हें झारखंड स्वास्थ्य विभाग का ब्रांड एंबेसडर भी बनाया जाएगा।

डॉ. इरफान अंसारी ने वैभव की सराहना करते हुए कहा कि भले ही उनकी टीम मैच जीतने में सफल नहीं रही हो, लेकिन उन्होंने अपने प्रदर्शन से करोड़ों भारतीयों का दिल जीत लिया है। उन्होंने कहा कि इतनी कम उम्र में अंतरराष्ट्रीय स्तर के गेंदबाजों का जिस आत्मविश्वास और आक्रामक अंदाज में सामना करते हुए वैभव ने शानदार बल्लेबाज़ी की है, वह उनकी असाधारण प्रतिभा का प्रमाण है।

स्वास्थ्य मंत्री ने कहा, “वैभव ने सिर्फ अपना नाम ही नहीं, बल्कि अपने माता-पिता, बिहार और पूरे देश का नाम रोशन किया है। मैं जल्द ही उन्हें झारखंड में सम्मानित करूंगा।”

उन्होंने कहा कि मात्र 15 वर्ष की उम्र में वैभव सूर्यवंशी ने जिस साहस, अनुशासन, आत्मविश्वास और प्रतिभा का प्रदर्शन किया है, वह भारतीय क्रिकेट के भविष्य के लिए बेहद सकारात्मक संकेत है। वैभव आज देश के लाखों युवाओं के लिए प्रेरणा बन चुके हैं और उनकी सफलता यह साबित करती है कि मेहनत और समर्पण से किसी भी लक्ष्य को हासिल किया जा सकता है।

डॉ. अंसारी ने बताया कि स्वास्थ्य विभाग वैभव सूर्यवंशी के साथ मिलकर युवाओं के बीच स्वास्थ्य, फिटनेस, अनुशासन और सकारात्मक जीवनशैली को बढ़ावा देने के लिए जागरूकता अभियान चलाएगा। उनका मानना है कि वैभव जैसे युवा चेहरे समाज में सकारात्मक संदेश पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं।

उन्होंने विश्वास जताया कि आने वाले वर्षों में वैभव सूर्यवंशी भारतीय क्रिकेट को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाएंगे और विश्व क्रिकेट में देश का नाम रोशन करेंगे।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *