रांची: झारखंड में आने वाले प्रमुख त्योहार—ईद-उल-फितर, सरहुल और रामनवमी—को देखते हुए पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है। राज्य में शांति और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस मुख्यालय ने व्यापक स्तर पर तैयारियां शुरू कर दी हैं।
इसी सिलसिले में मंगलवार को दोपहर 3 बजे पुलिस महानिदेशक (DGP) तदाशा मिश्र की अध्यक्षता में एक उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित होगी। यह बैठक वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए की जाएगी, जिसमें सभी जिलों के एसएसपी और एसपी भाग लेंगे।
बैठक में कानून-व्यवस्था को मजबूत रखने के लिए 18 अहम बिंदुओं पर चर्चा की जाएगी। सभी जिलों को निर्देश दिया गया है कि वे पूरी तैयारी और विस्तृत रिपोर्ट के साथ शामिल हों।
इन बिंदुओं पर रहेगा खास ध्यान:
असामाजिक तत्वों पर कड़ी नजर और अग्रिम कार्रवाई
संवेदनशील क्षेत्रों व धार्मिक स्थलों पर अतिरिक्त सुरक्षा बल की तैनाती
जुलूस मार्गों और भीड़भाड़ वाले स्थानों पर CCTV व ड्रोन से निगरानी
रामनवमी जुलूस मार्गों का निरीक्षण, रोशनी और पब्लिक एड्रेस सिस्टम की व्यवस्था
शांति समिति की बैठकों के जरिए सामाजिक सौहार्द बनाए रखना
भड़काऊ गानों और साउंड सिस्टम के दुरुपयोग पर सख्ती
दंगा नियंत्रण उपकरणों और एंटी-रायट तैयारी की जांच
अवैध शराब और नशीले पदार्थों के खिलाफ सघन अभियान
संयुक्त कंट्रोल रूम और आपातकालीन चिकित्सा व्यवस्था को मजबूत करना
लंबित मामलों पर भी नजर:
बैठक में लंबित वारंट, कुर्की-जब्ती और पुराने सांप्रदायिक मामलों की समीक्षा भी की जाएगी। पुलिस मुख्यालय ने साफ किया है कि त्योहारों के दौरान किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी।
सभी जिलों को अतिरिक्त पुलिस बल और होमगार्ड की जरूरत का आकलन कर समय पर तैनाती सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि सभी त्योहार शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हो सकें।