जमशेदपुर में पुलिस-चेन स्नैचर के बीच मुठभेड़, दारोगा की पिस्टल छीनकर भागने की कोशिश में आरोपी के पैर में लगी गोली

Mahak Kumari
2 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now
YouTube Channel Subscribe

जमशेदपुर:  के टेल्को क्षेत्र में हुई छिनतई की घटना के बाद गिरफ्तार किए गए कुख्यात चेन स्नैचर हरपाल सिंह उर्फ गबरू के साथ मंगलवार तड़के पुलिस की मुठभेड़ हो गई। यह घटना सिद्धगोड़ा थाना क्षेत्र स्थित लंबा मैदान इलाके में करीब 3:30 बजे हुई।

जानकारी के अनुसार, पुलिस हरपाल सिंह को मामले से जुड़े अन्य साक्ष्य और अपराध में प्रयुक्त सामान की बरामदगी के लिए लेकर गई थी। इसी दौरान आरोपी ने पुलिस टीम को चकमा देकर भागने का प्रयास किया। आरोप है कि उसने मौके पर मौजूद एक दारोगा की सर्विस पिस्टल छीन ली और पुलिस पर गोली चला दी।

आरोपी की इस हरकत के बाद पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की। पुलिस की ओर से चलाई गई गोली हरपाल सिंह के पैर में लगी, जिससे वह घायल होकर गिर पड़ा। इसके बाद पुलिसकर्मियों ने उसे दोबारा अपनी गिरफ्त में ले लिया।

घायल आरोपी को तत्काल इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसकी चिकित्सकीय देखरेख की जा रही है। घटना के बाद पूरे इलाके में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि हरपाल सिंह उर्फ गबरू के खिलाफ पहले से भी कई आपराधिक मामले दर्ज हैं और उससे पूछताछ के दौरान कई अहम जानकारियां मिली हैं। फिलहाल पूरे मामले की जांच जारी है और पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपी के अन्य सहयोगी कौन-कौन हैं।

इस मुठभेड़ के बाद शहर में अपराधियों के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई एक बार फिर चर्चा का विषय बन गई है। वहीं, टेल्को छिनतई कांड से जुड़े इस घटनाक्रम पर लोगों की नजर बनी हुई है।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *