मांडर: सामूहिक दुष्कर्म के मामले में फरार चल रहे आरोपी सुधांशु महतो उर्फ बांगड़ के घर मंगलवार को मांडर पुलिस ने न्यायालय के आदेश पर इश्तिहार चस्पा किया। थाना प्रभारी मनोज करमाली के नेतृत्व में पुलिस टीम ढोल-नगाड़े के साथ आरोपी के घर पहुंची और न्यायालय से जारी इश्तिहार अधिपत्र को मकान पर चस्पा किया। पुलिस के मुताबिक, न्यायालय के आदेश के तहत यह कार्रवाई की गई है। थाना प्रभारी ने बताया कि इश्तिहार चस्पा होने के बावजूद यदि आरोपी पुलिस या अदालत के समक्ष उपस्थित नहीं होता है, तो उसके खिलाफ कुर्की की कार्रवाई की जाएगी।
मामला करगे गांव की 19 वर्षीय युवती से कथित सामूहिक दुष्कर्म से जुड़ा है। इस संबंध में दर्ज कांड संख्या 52/2026 में पुलिस एक नाबालिग समेत 10 आरोपियों को पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है। वहीं, फरार आरोपी सुधांशु महतो की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है और उसकी तलाश जारी है।