इटखोरी में प्रतिबंधित पशु के अवशेष मिलने से बवाल, ग्रामीणों ने किया चतरा-इटखोरी मार्ग जाम

Mahak Kumari
2 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now
YouTube Channel Subscribe

चतरा: जिले के इटखोरी थाना क्षेत्र में प्रतिबंधित पशु के अवशेष मिलने के बाद माहौल तनावपूर्ण हो गया है। रविवार को बक्शा डैम के समीप तीन कटे हुए सिर मिलने की सूचना से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। घटना की खबर फैलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग करने लगे।

स्थानीय लोगों का कहना है कि यह घटना सामाजिक सौहार्द को बिगाड़ने की साजिश का हिस्सा हो सकती है। मामले की सूचना मिलते ही इटखोरी थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और बरामद अवशेषों को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी।

घटना के विरोध में आक्रोशित ग्रामीणों ने नगवां चौक के पास चतरा-इटखोरी मुख्य सड़क को जाम कर दिया। प्रदर्शनकारियों ने दोषियों की अविलंब गिरफ्तारी, निष्पक्ष जांच और वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारियों की मौजूदगी की मांग की। सड़क जाम के कारण आवागमन प्रभावित रहा और दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं।

स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस और प्रशासन के अधिकारी मौके पर पहुंचे तथा लोगों को शांत कराने का प्रयास किया। अधिकारियों ने आश्वासन दिया कि मामले की गहन जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

फिलहाल पुलिस विभिन्न पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है और घटना के पीछे शामिल लोगों की पहचान में जुटी हुई है। प्रशासन ने क्षेत्रवासियों से शांति बनाए रखने और किसी भी प्रकार की अफवाह पर ध्यान नहीं देने की अपील की है।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *