निरसा फ्लाईओवर विवाद के बीच विधायक अरूप चटर्जी को मिली धमकी, विदेशी नंबर से आया व्हाट्सएप मैसेज

Mahak Kumari
2 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now
YouTube Channel Subscribe

धनबाद: निरसा में प्रस्तावित एलिवेटेड फ्लाईओवर को लेकर जारी राजनीतिक तनातनी के बीच एक नया और गंभीर मोड़ सामने आया है। विधायक अरूप चटर्जी को एक विदेशी नंबर से व्हाट्सएप कॉल, मैसेज और वॉयस रिकॉर्डिंग भेजकर जान से मारने की धमकी दी गई है। संदेश भेजने वाले ने खुद को कुख्यात गैंगस्टर प्रिंस खान बताया और 24 घंटे के भीतर “मैनेज” करने की चेतावनी दी।

जानकारी के मुताबिक शुक्रवार दोपहर करीब 12 बजे विधायक के मोबाइल पर +27613737683 नंबर से संपर्क किया गया। यह नंबर दक्षिण अफ्रीका का बताया जा रहा है। व्हाट्सएप पर भेजे गए संदेश में पैसे की मांग की गई और बात नहीं मानने पर गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी गई। इसके साथ कथित तौर पर फायरिंग का एक वीडियो भी भेजा गया।

धमकी भरे संदेश में लिखा गया कि, “मैं प्रिंस खान बोल रहा हूं। हमें भी पैसा चाहिए। 24 घंटे के अंदर जवाब दो। कोयले का काम कैसा चल रहा है?” वहीं एक अन्य संदेश में “रिप्लाई देगा या गोली खाएगा” जैसी भाषा का इस्तेमाल किया गया।

वॉयस रिकॉर्डिंग में भी कथित तौर पर कहा गया कि नंबर ब्लॉक करने से कोई फायदा नहीं होगा। संदेश में 24 घंटे के भीतर पैसे का इंतजाम करने और “कम-बेसी करके मैनेज” करने की बात कही गई। ऐसा नहीं होने पर सीधे कार्रवाई करने की चेतावनी दी गई।

घटना के बाद विधायक अरूप चटर्जी की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है। पूरे मामले की सूचना संबंधित एजेंसियों को दे दी गई है और जांच शुरू कर दी गई है। फिलहाल पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि धमकी देने वाला वास्तव में कौन है, विदेशी नंबर का इस्तेमाल किसने किया और इसके पीछे की मंशा क्या है।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *