रांची: वियतनाम में सड़क हादसे में जान गंवाने वाले रांची के योग शिक्षक राजा वर्मा का पार्थिव शरीर करीब एक सप्ताह बाद भी भारत नहीं लाया जा सका है। शव की वापसी में हो रही देरी को लेकर अब उनके परिजनों ने झारखंड हाईकोर्ट का रुख किया है।मृतक राजा वर्मा के छोटे भाई शुभम कुमार ने हाईकोर्ट में याचिका दाखिल कर भारत सरकार के विदेश मंत्रालय और वियतनाम स्थित भारतीय दूतावास को आवश्यक निर्देश देने की मांग की है। याचिका में राजा वर्मा का पार्थिव शरीर जल्द से जल्द भारत लाने के लिए हस्तक्षेप की गुहार लगाई गई है।
यह याचिका हाईकोर्ट के वरीय अधिवक्ता एवं हाईकोर्ट एडवोकेट एसोसिएशन के अध्यक्ष अजीत कुमार, अधिवक्ता आकाश कुमार और अधिवक्ता प्रिया के माध्यम से दाखिल की गई है। हालांकि, अभी तक याचिका सुनवाई के लिए सूचीबद्ध नहीं हुई है। बताया गया है कि राजा वर्मा की 26 सितंबर को वियतनाम में हुए सड़क हादसे में मौत हुई थी। हादसे के बाद से उनका पार्थिव शरीर वियतनाम में है और करीब एक सप्ताह बीत जाने के बावजूद शव रांची नहीं पहुंच पाया है। राजा वर्मा रांची के रातू रोड इलाके के रहने वाले थे और योग शिक्षक के रूप में काम करते थे। परिवार ने अब हाईकोर्ट से मदद की गुहार लगाई है, ताकि आवश्यक प्रक्रिया पूरी कर उनके पार्थिव शरीर को जल्द भारत लाया जा सके और परिजन अंतिम संस्कार कर सकें।