रांची: झारखंड में जमीन की खरीद-बिक्री और रजिस्ट्री को लेकर लंबे समय से जारी विवाद पर हाईकोर्ट ने बड़ा फैसला सुनाया है। अदालत ने रजिस्ट्रेशन एक्ट, 1908 की धारा 22A को असंवैधानिक करार देते हुए रद्द कर दिया है। इसके साथ ही राज्य सरकार की ओर से 26 अगस्त 2015 को जारी अधिसूचना को भी निरस्त कर दिया गया है। इस फैसले से उन हजारों जमीन मालिकों और रैयतों को राहत मिलने की उम्मीद है, जिनकी जमीन की रजिस्ट्री सरकारी प्रतिबंधों के कारण वर्षों से अटकी हुई थी। हाईकोर्ट के इस आदेश के बाद अब निबंधन विभाग के अधिकारी केवल पब्लिक पॉलिसी यानी सार्वजनिक नीति का हवाला देकर किसी जमीन की रजिस्ट्री पर रोक नहीं लगा सकेंगे। अदालत ने इस धारा के आधार पर जारी किए गए पुराने प्रतिबंधात्मक आदेशों को भी निरस्त कर दिया है।
कौशलेंद्र कुमार सिंह की याचिका पर आया फैसला
यह महत्वपूर्ण फैसला झारखंड हाईकोर्ट के मुख्य न्यायाधीश जस्टिस एमएस सोनक और जस्टिस मनोज प्रसाद की खंडपीठ ने सुनाया। मामला चतरा जिले के हंटरगंज थाना क्षेत्र के हेरिंग गांव निवासी कौशलेंद्र कुमार सिंह की याचिका से जुड़ा है। उन्होंने वर्ष 2016 में हाईकोर्ट में याचिका दायर कर रजिस्ट्रेशन एक्ट की धारा 22A की संवैधानिक वैधता को चुनौती दी थी। सुनवाई के दौरान याचिकाकर्ता की ओर से अधिवक्ता इंद्रजीत सिन्हा और अधिवक्ता अंकित विशाल ने दलील दी कि इसी विषय पर हाईकोर्ट की दूसरी खंडपीठ 1 मई 2025 को पहले ही फैसला सुना चुकी है। इसलिए वर्तमान मामले में भी उसी फैसले को आधार बनाया जाना चाहिए। वहीं, राज्य सरकार ने अदालत को बताया कि 1 मई 2025 के फैसले के खिलाफ सुप्रीम कोर्ट में अपील दायर की गई है। हालांकि, सुप्रीम कोर्ट से अब तक उस फैसले पर कोई अंतरिम रोक नहीं लगी है। इसके बाद हाईकोर्ट ने अपने पूर्व के फैसले और कानूनी प्रावधानों को ध्यान में रखते हुए धारा 22A को रद्द कर दिया।
सुप्रीम कोर्ट के फैसले को भी बनाया गया आधार
इस विवाद की पृष्ठभूमि में वर्ष 2005 का सुप्रीम कोर्ट का महत्वपूर्ण फैसला भी शामिल है। स्टेट ऑफ राजस्थान बनाम बसंत नाहटा मामले में सुप्रीम कोर्ट ने राजस्थान सरकार की ओर से जोड़ी गई इसी तरह की धारा 22A को असंवैधानिक घोषित किया था। शीर्ष अदालत ने स्पष्ट किया था कि पब्लिक पॉलिसी की कोई निश्चित और सर्वमान्य परिभाषा नहीं है। ऐसे अस्पष्ट आधार पर सरकार या अधिकारियों को किसी की जमीन की रजिस्ट्री रोकने का मनमाना अधिकार नहीं दिया जा सकता। सार्वजनिक नीति की व्याख्या करना न्यायपालिका का काम है, न कि कार्यपालिका का।
NGDRS पोर्टल से हटेगी प्रतिबंधित जमीनों की सूची
हाईकोर्ट के इस फैसले के बाद प्रतिबंधित जमीनों की रजिस्ट्री का रास्ता साफ होने की उम्मीद है। इससे पहले भी हाईकोर्ट की एकल पीठ ने निबंधन विभाग को NGDRS (नेशनल जेनरिक डॉक्यूमेंट रजिस्ट्रेशन सिस्टम) पोर्टल से प्रतिबंधित जमीनों की सूची हटाने का निर्देश दिया था। अदालत ने सब-रजिस्ट्रारों को भी निर्देश दिया था कि कानून की सभी आवश्यक शर्तें पूरी करने वाले दस्तावेजों की रजिस्ट्री बिना अनावश्यक देरी के की जाए। हालांकि, धारा 22A रद्द होने का यह मतलब नहीं है कि अब हर जमीन की रजिस्ट्री बिना जांच के हो जाएगी। जमीन के स्वामित्व, दस्तावेजों और अन्य लागू कानूनी प्रावधानों की जांच पहले की तरह जारी रहेगी।कुल मिलाकर हाईकोर्ट का यह फैसला झारखंड में जमीन की खरीद-बिक्री और रजिस्ट्री से जुड़ी बड़ी बाधा को दूर करने वाला माना जा रहा है। इससे वर्षों से सरकारी प्रतिबंधों में फंसे जमीन मालिकों को बड़ी राहत मिल सकती है।