सोहराय मनाने निकले दो दोस्तों की दर्दनाक मौत, NH-220 पर अज्ञात वाहन ने मारी टक्कर, गांव में पसरा मातम

Mahak Kumari
3 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now
YouTube Channel Subscribe

राजनगर: सरायकेला-खरसावां जिले के राजनगर थाना क्षेत्र में NH-220 पर रघुनाथपुर के समीप गुरुवार देर रात हुए भीषण सड़क हादसे में दो युवकों की दर्दनाक मौत हो गई। दोनों युवक सोहराय पर्व मनाने घर से निकले थे, लेकिन वापस उनकी मौत की खबर पहुंची। मृतकों की पहचान बीजाडीह गांव निवासी रौनक लुगुन उर्फ गोलू (17 वर्ष) और गुलशन सुंडी के रूप में हुई है। इस घटना के बाद पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है। मिली जानकारी के अनुसार, गुरुवार रात करीब 11:30 बजे सड़क दुर्घटना की सूचना 108 एंबुलेंस को दी गई। सूचना मिलते ही राजनगर थाना पुलिस की पेट्रोलिंग टीम और एंबुलेंस मौके पर पहुंची। घटनास्थल पर एक युवक की मौत हो चुकी थी, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल था। दोनों को तत्काल राजनगर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान दूसरे युवक ने भी दम तोड़ दिया। अस्पताल पहुंची रौनक उर्फ गोलू की मां ने बताया कि रौनक कक्षा नौवीं का छात्र था और नेता तिरिल स्कूल में पढ़ाई करता था। गुरुवार को वह अपने दोस्तों के साथ जामडीह में आयोजित सोहराय पर्व मनाने के लिए घर से निकला था। बताया गया कि स्कूटी में पेट्रोल भरवाने के लिए दोनों युवक मुख्य सड़क की ओर आए थे। इसी दौरान किसी अज्ञात वाहन ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया।

दुर्घटना में शामिल दोपहिया वाहन का रजिस्ट्रेशन नंबर JH 22H 2751 बताया गया है। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहन को जब्त कर लिया है। प्रारंभिक आशंका है कि किसी अज्ञात वाहन की टक्कर से यह हादसा हुआ है। हालांकि, दुर्घटना के सही कारणों और इसमें शामिल वाहन का पता लगाने के लिए पुलिस जांच कर रही है। इस हादसे ने दो परिवारों की खुशियां उजाड़ दी हैं। जिस उम्र में दोनों युवकों को अपने सपनों की उड़ान भरनी थी, उस उम्र में उनकी जिंदगी सड़क हादसे ने छीन ली। रौनक की असमय मौत से मां का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं गुलशन के परिजनों का भी दुख से बुरा हाल है। फिलहाल राजनगर पुलिस अज्ञात वाहन की तलाश में जुटी है।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *