रांची: JPSC-JSSC परीक्षाओं में कथित पेपर लीक और अनियमितताओं के खिलाफ चल रहा छात्रों का आंदोलन सोमवार को उस वक्त तनावपूर्ण हो गया, जब विधानसभा घेराव के दौरान प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच टकराव की स्थिति बन गई। जगन्नाथपुर मंदिर के पीछे प्रदर्शन कर रहे छात्रों ने बैरिकेडिंग पार कर विधानसभा की ओर बढ़ने की कोशिश की। पुलिस ने छात्रों को रोकने के लिए मोर्चा संभाला। इसी दौरान प्रदर्शनकारी और पुलिस आमने-सामने आ गए। देखते ही देखते दोनों पक्षों के बीच धक्का-मुक्की शुरू हो गई और प्रदर्शनकारियों की ओर से पुलिस पर पथराव किए जाने की बात सामने आई है। पुलिसकर्मियों पर जूते-चप्पल फेंके जाने की भी सूचना है।
पथराव में पुलिसकर्मी घायल
प्रदर्शन के दौरान हुए पथराव में एक पुलिसकर्मी घायल हो गया। मौके पर पहुंची एंबुलेंस से घायल जवान को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया। घटना के बाद पुलिस ने इलाके में सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी कर दी है।
वाटर कैनन से पहले ही संभालने की कोशिश
इससे पहले छात्रों को विधानसभा की ओर बढ़ने से रोकने के लिए पुलिस ने वाटर कैनन का इस्तेमाल किया था। हल्के बल प्रयोग के बावजूद प्रदर्शनकारी पीछे हटने को तैयार नहीं हुए और लगातार बैरिकेडिंग पार करने की कोशिश करते रहे।
विधानसभा की ओर बढ़ने पर अड़े छात्र
JPSC-JSSC के अभ्यर्थी अपनी मांगों को लेकर विधानसभा का घेराव करने पहुंचे हैं। छात्र लगातार आगे बढ़ने का प्रयास कर रहे हैं, जबकि पुलिस उन्हें रोकने में जुटी है। कई स्तर की बैरिकेडिंग के बावजूद छात्रों के आगे बढ़ने से प्रशासन के सामने चुनौती बढ़ गई है। फिलहाल जगन्नाथपुर मंदिर के पीछे से लेकर विधानसभा की ओर जाने वाले रास्ते पर तनाव का माहौल बना हुआ है। बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात है और प्रशासन स्थिति को नियंत्रित करने में जुटा है। अधिकारियों ने प्रदर्शनकारियों से शांति बनाए रखने और कानून-व्यवस्था में सहयोग करने की अपील की है।