रांची: केंद्र सरकार के कार्मिक, लोक शिकायत और पेंशन मंत्रालय के तहत कार्मिक एवं प्रशिक्षण विभाग (DoPT) ने आईपीएस अधिकारियों की केंद्रीय प्रतिनियुक्ति को लेकर बड़ा फैसला लिया है। प्रधानमंत्री की अध्यक्षता वाली कैबिनेट की नियुक्ति समिति ने देशभर के 68 आईपीएस अधिकारियों को केंद्र में आईजी या समकक्ष पदों पर तैनाती के लिए इम्पैनल किया है।
इस सूची में झारखंड कैडर के कई वरिष्ठ आईपीएस अधिकारियों को भी जगह मिली है। इनमें 2007 बैच के आईपीएस अधिकारी मयूर पटेल कन्हैयालाल का नाम प्रमुख रूप से शामिल है। गृह मंत्रालय द्वारा 9 अप्रैल 2026 को भेजे गए प्रस्ताव के बाद यह फैसला लिया गया।
झारखंड कैडर के इन अधिकारियों को मिली मंजूरी
केंद्र में प्रतिनियुक्ति के लिए जिन झारखंड कैडर के आईपीएस अधिकारियों को इम्पैनल किया गया है, उनमें शामिल हैं —
2003 बैच के आईपीएस अखिलेश कुमार झा
2007 बैच के आईपीएस मयूर पटेल कन्हैयालाल
2007 बैच के आईपीएस राकेश बंसल
2008 बैच के आईपीएस अनीश गुप्ता
2008 बैच के आईपीएस एम तमिलवानन
2008 बैच के आईपीएस अजय लिंडा
55 अधिकारियों के नाम हुए खारिज
कैबिनेट की नियुक्ति समिति ने जहां 68 अधिकारियों के नाम को मंजूरी दी, वहीं 55 अधिकारियों के नाम को नामंजूर कर दिया गया। इसके अलावा छह अधिकारियों के मामलों पर फैसला फिलहाल लंबित रखा गया है।
बताया गया है कि 2008 बैच के आईपीएस अधिकारियों के लिए प्रोविजनल कट-ऑफ स्कोर 8.76 निर्धारित किया गया है।