झारखंड में बिहार का शराब कानून लागू नहीं, हाईकोर्ट ने वाहन जब्ती पर जताई आपत्ति

Mahak Kumari
2 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now
YouTube Channel Subscribe

रांची: शराब की कथित अवैध ढुलाई के मामले में जब्त एक व्यावसायिक वाहन को लेकर झारखंड हाईकोर्ट ने अहम टिप्पणी की है। अदालत ने साफ कहा कि बिहार मद्य निषेध एवं उत्पाद अधिनियम, 2016 बिहार राज्य का कानून है और इसे झारखंड में लागू नहीं किया जा सकता। यह मामला बोकारो जिले के पिंड्राजोरा थाना कांड संख्या 18/2026 से जुड़ा है। मामले की सुनवाई न्यायमूर्ति अनिल कुमार चौधरी की एकल पीठ में हुई। सुनवाई के दौरान अदालत ने वाहन की जब्ती के आधार पर उसे रिलीज करने से इनकार करने वाले निचली अदालतों के आदेश पर भी सवाल उठाए।

145 कार्टन शराब बरामदगी के बाद जब्त हुआ था वाहन

मामले के अनुसार, पुलिस ने एक व्यावसायिक पिकअप वाहन को कथित तौर पर शराब की ढुलाई के आरोप में जब्त किया था। पुलिस का दावा था कि वाहन से 750 एमएल की बोतलों वाली 145 कार्टन शराब बरामद हुई थी। वाहन मालिक रितेश प्रधान ने जब्त वाहन को रिलीज कराने के लिए न्यायिक दंडाधिकारी, बोकारो की अदालत में आवेदन दाखिल किया था। हालांकि, 25 मई 2026 को अदालत ने आवेदन खारिज कर दिया। इसके बाद वाहन मालिक ने सत्र न्यायालय में अपील की, लेकिन वहां भी 27 जून 2026 को राहत नहीं मिली। इसके बाद मामला झारखंड हाईकोर्ट पहुंचा।

बिहार के कानून के इस्तेमाल पर कोर्ट की टिप्पणी

हाईकोर्ट में सुनवाई के दौरान मुख्य सवाल यह उठा कि बिहार में लागू मद्य निषेध एवं उत्पाद अधिनियम का इस्तेमाल झारखंड में वाहन जब्ती या कार्रवाई के आधार के तौर पर किया जा सकता है या नहीं। अदालत ने स्पष्ट किया कि किसी राज्य में लागू कानून को दूसरे राज्य में स्वतः लागू नहीं किया जा सकता। हाईकोर्ट की इस टिप्पणी से जब्त वाहन की रिलीज से जुड़े मामले में निचली अदालतों के आदेशों की वैधानिकता पर भी सवाल खड़े हुए हैं। मामले में अदालत की टिप्पणी शराब बरामदगी और जब्त वाहनों से जुड़े मामलों के लिए महत्वपूर्ण मानी जा रही है।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *