रांची: के बेड़ो थाना क्षेत्र में हुए चर्चित रविन्द्र मुण्डा हत्याकांड का पुलिस ने खुलासा करते हुए मामले के मुख्य आरोपी विकाश मुण्डा उर्फ लेटी मुण्डा को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के पास से एक देशी पिस्टल और तीन जिंदा कारतूस बरामद किए गए हैं। इससे पहले इस मामले में दो अन्य आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजा जा चुका है। गौरतलब है कि 9 जुलाई 2026 को मधुपुर अखड़ा के पास 26 वर्षीय रविन्द्र मुण्डा की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। घटना के बाद बेड़ो थाना में कांड संख्या-76/26 दर्ज कर भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(1), 3(5) तथा आर्म्स एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया था। पुलिस पूछताछ में आरोपी विकाश मुण्डा ने खुलासा किया कि वह इलाके में दहशत फैलाने के इरादे से हवाई फायरिंग करना चाहता था। इसी दौरान रविन्द्र मुण्डा ने इसका विरोध किया, जिसके बाद दोनों के बीच कहासुनी हो गई। विवाद बढ़ने पर आरोपी ने गुस्से में रविन्द्र मुण्डा को गोली मार दी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। गिरफ्तार आरोपी बेड़ो थाना क्षेत्र के सुवार टोली का रहने वाला है। पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक उसके खिलाफ पहले से दुष्कर्म, पॉक्सो एक्ट और हत्या जैसे गंभीर मामलों में प्राथमिकी दर्ज है। इस हत्याकांड में शामिल विकाश महतो और विजय मुण्डा को पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है। वहीं, घटना में इस्तेमाल की गई पल्सर-220 और होंडा शाइन मोटरसाइकिल को पुलिस ने पहले ही जब्त कर लिया है।
पुलिस उपाधीक्षक बेड़ो दीपक कुमार के नेतृत्व में गठित विशेष छापेमारी दल ने आरोपी को गिरफ्तार किया है। रांची पुलिस ने बताया कि मामले की जांच अभी जारी है और आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।