चाईबासा जेल में बंद रिया सिन्हा की पलामू कोर्ट में पेशी, फायरिंग मामले में दर्ज हुआ बयान

Mahak Kumari
2 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now
YouTube Channel Subscribe

पलामू: वर्ष 2018-19 के दौरान पड़वा थाना क्षेत्र में हुई फायरिंग के एक मामले में चाईबासा जेल में बंद रिया सिन्हा को शनिवार को कड़ी सुरक्षा के बीच पलामू व्यवहार न्यायालय में पेश किया गया। गैंगस्टर सुजीत सिन्हा की पत्नी रिया सिन्हा की पेशी एडीजे-08 की अदालत में हुई, जहां मामले से संबंधित उनका बयान दर्ज किया गया। रिया सिन्हा के अधिवक्ता चितरंजन पांडेय के मुताबिक, यह कार्रवाई एसटी नंबर 255/2019 से जुड़े मामले में हुई। फायरिंग की इस घटना में सुजीत सिन्हा, रिया सिन्हा समेत कई लोगों को आरोपी बनाया गया था।

अदालत में बयान दर्ज होने की प्रक्रिया पूरी होने के बाद रिया सिन्हा को सुरक्षा व्यवस्था के बीच वापस चाईबासा जेल भेज दिया गया।

पलामू से रहा है सुजीत सिन्हा का नाता

कुख्यात गैंगस्टर रहे सुजीत सिन्हा का संबंध पलामू जिले से रहा है। उनका मूल घर हुसैनाबाद के पथरा गांव में बताया जाता है। इसके अलावा मेदिनीनगर के रेडमा इलाके में भी उनका आवास रहा है। हाल ही में साहिबगंज जेल से धनबाद जेल ले जाने के दौरान जामताड़ा क्षेत्र में हुई पुलिस मुठभेड़ में सुजीत सिन्हा की मौत हो गई थी।

पति के अंतिम संस्कार में पैरोल पर आई थीं रिया

सुजीत सिन्हा की मौत के बाद उनके अंतिम संस्कार में शामिल होने के लिए रिया सिन्हा पैरोल पर हुसैनाबाद पहुंची थीं। रिया सिन्हा के खिलाफ भी कई आपराधिक मामले दर्ज हैं और वह फिलहाल चाईबासा जेल में बंद हैं।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *