रांची: झारखंड में मतदाता सूची को दुरुस्त करने और पात्र नागरिकों का पंजीकरण सुनिश्चित करने के उद्देश्य से 10 अक्टूबर 2026 को राज्य के सभी मतदान केंद्रों पर मेगा हेल्पडेस्क सह बीएलओ-बीएलए-2 बैठक का आयोजन किया गया। इसके साथ ही चुनाव पाठशाला के माध्यम से विशेष रूप से युवाओं को मतदाता सूची में अपना नाम दर्ज कराने के लिए जागरूक और प्रेरित किया गया।

एसआईआर-2026 के तहत दी गई आवेदन की जानकारी
भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश पर आयोजित इस कार्यक्रम में विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर)-2026 के तहत पात्र भारतीय नागरिकों को मतदाता सूची में नाम शामिल कराने की प्रक्रिया समझाई गई। हेल्पडेस्क के माध्यम से लोगों को आवश्यक आवेदन, पंजीकरण की प्रक्रिया और संबंधित सहायता के बारे में जानकारी उपलब्ध कराई गई, ताकि कोई भी पात्र नागरिक जानकारी के अभाव में मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से वंचित न रहे।
मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने किया निरीक्षण
मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के. रवि कुमार ने हजारीबाग और रामगढ़ जिले के विभिन्न मतदान केंद्रों पर पहुंचकर मेगा हेल्पडेस्क का निरीक्षण किया। उन्होंने वहां उपलब्ध सुविधाओं और संचालित गतिविधियों का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने बीएलए-2 से अपने क्षेत्रों के पात्र नागरिकों तक पहुंचने और उन्हें मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने के लिए आवश्यक सहयोग देने की अपील की। वहीं, अपर मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी सुबोध कुमार ने सरायकेला-खरसावां और जमशेदपुर के विभिन्न मतदान केंद्रों पर आयोजित कार्यक्रमों का निरीक्षण किया। राज्य के अन्य जिलों में भी जिला निर्वाचन पदाधिकारियों के नेतृत्व में हेल्पडेस्क और जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए।
युवाओं को मतदाता बनने के लिए किया प्रेरित
चुनाव पाठशाला के माध्यम से युवाओं को मतदाता सूची में पंजीकरण की प्रक्रिया और आवेदन से जुड़ी जरूरी जानकारी दी गई। कार्यक्रम का उद्देश्य पात्र नागरिकों को मताधिकार के प्रति जागरूक करना और उन्हें लोकतांत्रिक प्रक्रिया से जोड़ना रहा।
पात्र नागरिकों से निर्वाचन विभाग की अपील
मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के. रवि कुमार ने अपील की कि जिन पात्र भारतीय नागरिकों का नाम मतदाता सूची में दर्ज नहीं है, वे निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार आवेदन कर अपना नाम शामिल कराने की कार्रवाई पूरी करें। उन्होंने बीएलओ और बीएलए-2 से भी लोगों को जागरूक करने तथा आवेदन में सहयोग देने का आग्रह किया।
निर्वाचन विभाग का जोर इस बात पर है कि कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से वंचित न रहे और मतदाता सूची में केवल नियमानुसार पात्र व्यक्तियों के नाम ही शामिल हों।