रांची: जेएनयू से जुड़े कथित यौन उत्पीड़न प्रकरण को लेकर झारखंड की राजधानी रांची में भाजपा महिला मोर्चा ने कांग्रेस के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदेश अध्यक्ष सीमा सिंह के नेतृत्व में सैकड़ों महिला कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस भवन का घेराव कर कांग्रेस नेतृत्व से मामले पर अपना पक्ष स्पष्ट करने की मांग की। प्रदर्शन के दौरान राहुल गांधी और कांग्रेस के खिलाफ नारेबाजी भी की गई।

जिला स्कूल मैदान से निकला जुलूस, कांग्रेस भवन के बाहर प्रदर्शन
भाजपा महिला मोर्चा की कार्यकर्ता जिला स्कूल मैदान, शहीद चौक से हाथों में तख्तियां और पार्टी के झंडे लेकर जुलूस के रूप में निकलीं। प्रदर्शनकारी महिलाओं ने कांग्रेस नेतृत्व के खिलाफ नारे लगाते हुए कांग्रेस भवन की ओर मार्च किया।
कांग्रेस भवन पहुंचने पर पुलिस द्वारा लगाए गए बैरिकेड के सामने कार्यकर्ताओं ने विरोध प्रदर्शन किया। बैरिकेड पार करने के प्रयास के दौरान पुलिसकर्मियों और प्रदर्शनकारियों के बीच नोक-झोंक भी हुई। इसके बाद महिला कार्यकर्ता धरने पर बैठ गईं और काफी देर तक नारेबाजी करते हुए अपनी मांगें उठाईं।
सीमा सिंह ने राहुल गांधी और प्रियंका गांधी पर उठाए सवाल
भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष सीमा सिंह ने कहा कि राहुल गांधी महिलाओं के अधिकारों और पितृसत्तात्मक व्यवस्था के खिलाफ आवाज उठाते हैं, जबकि प्रियंका गांधी का नारा ‘लड़की हूं, लड़ सकती हूं’ रहा है। ऐसे में महिलाओं के सम्मान से जुड़े इस प्रकरण पर कांग्रेस नेतृत्व को अपना रुख स्पष्ट करना चाहिए।
सीमा सिंह ने आरोप लगाया कि महिला सम्मान और समानता की बात करने वाली कांग्रेस को इस मामले में भी जवाबदेही दिखानी चाहिए। उन्होंने कहा कि महिलाओं की गरिमा, सुरक्षा और न्याय का मुद्दा केवल राजनीतिक नारों तक सीमित नहीं रहना चाहिए। भाजपा महिला मोर्चा इस मामले में जवाबदेही की मांग जारी रखेगा।
विधायक सीपी सिंह ने भी कांग्रेस से मांगा जवाब
रांची के विधायक सीपी सिंह ने भी इस प्रकरण को लेकर कांग्रेस नेतृत्व से सवाल किए। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी और प्रियंका गांधी महिलाओं के अधिकारों और समानता की बात करते हैं, इसलिए उन्हें इस मामले पर अपना पक्ष स्पष्ट करना चाहिए।
प्रदर्शन में कई नेता और कार्यकर्ता रहे मौजूद
कांग्रेस भवन घेराव एवं विरोध प्रदर्शन में भाजपा महिला मोर्चा की पूर्व प्रदेश अध्यक्ष आरती सिंह सहित पायल सोनी, अनीता वर्मा, कुमुद झा, निशि जायसवाल, रंजिता सिंह, सुप्रिया दुबे, दिव्या साहू, गीता गुप्ता, लवली पाठक, मंजू चौरसिया, बबीता साहू, डोली जायसवाल, सुनीता सोनी और रेनू सिंह समेत कई नेता एवं कार्यकर्ता शामिल हुए। आयोजकों के अनुसार, प्रदर्शन में सैकड़ों महिला कार्यकर्ताओं और दर्जनों पुरुष कार्यकर्ताओं ने हिस्सा लिया।