रांची: के अपर बाजार में जिला प्रशासन और पुलिस ने संयुक्त छापेमारी कर प्रतिबंधित उत्पादों के अवैध कारोबार का भंडाफोड़ किया है। कार्रवाई के दौरान भारी मात्रा में इलेक्ट्रॉनिक सिगरेट (ई-सिगरेट) और प्रतिबंधित हुक्का फ्लेवर बरामद किए गए हैं। बरामद सामान की मात्रा को देखते हुए इसे अब तक की बड़ी जब्तियों में से एक माना जा रहा है।
सूत्रों के अनुसार, प्रशासन को लंबे समय से इस अवैध कारोबार की सूचना मिल रही थी। इसके बाद योजनाबद्ध तरीके से छापेमारी की गई। टीम ने मौके से बड़ी संख्या में प्रतिबंधित उत्पादों को जब्त कर अपने कब्जे में ले लिया। हालांकि, इस मामले में कितने लोगों को हिरासत में लिया गया है, इसकी आधिकारिक पुष्टि फिलहाल नहीं की गई है।
गौरतलब है कि देश में इलेक्ट्रॉनिक सिगरेट की बिक्री, उत्पादन, भंडारण और वितरण पर प्रतिबंध है। इसके बावजूद चोरी-छिपे इन उत्पादों की बिक्री युवाओं को निशाना बनाकर की जा रही है। वहीं, प्रतिबंधित हुक्का फ्लेवर की बिक्री भी कानून का उल्लंघन है, जिस पर प्रशासन लगातार नजर बनाए हुए है।
जिला प्रशासन ने साफ किया है कि जनस्वास्थ्य से जुड़े मामलों में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और प्रतिबंधित उत्पादों के अवैध कारोबारियों के खिलाफ आगे भी अभियान जारी रहेगा।