रांची: के वरीय पुलिस अधीक्षक ने देर रात शहर के कई थानों, नाइट पेट्रोलिंग टीमों और महत्वपूर्ण सुरक्षा प्रतिष्ठानों का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान पुलिसकर्मियों की सतर्कता, ड्यूटी के प्रति गंभीरता और आम जनता की सहायता के लिए उनकी उपलब्धता का जायजा लिया गया।

एसएसपी ने शहर के महत्वपूर्ण सुरक्षा प्रतिष्ठानों पर तैनात सुरक्षाकर्मियों की भी जांच की और सुरक्षा व्यवस्था में किसी प्रकार की चूक न हो, इसके लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। वहीं, शहर के विभिन्न इलाकों में तैनात पीसीआर वैन की सक्रियता और उनकी कार्यशैली का भी मूल्यांकन किया गया।
निरीक्षण के दौरान हिंदपीढ़ी थाना में गंभीर लापरवाही सामने आई। ओडी ड्यूटी पर तैनात अधिकारी निर्धारित वर्दी में नहीं पाए गए, जबकि थाना प्रभारी को अपने ही ओडी अधिकारी के नाम की जानकारी नहीं थी। इसे अनुशासनहीनता मानते हुए एसएसपी ने हिंदपीढ़ी थाना प्रभारी को कारण बताओ नोटिस जारी करने का निर्देश दिया।
दूसरी ओर, अपनी ड्यूटी पूरी निष्ठा और मुस्तैदी के साथ निभाने वाले पुलिसकर्मियों की एसएसपी ने खुले शब्दों में सराहना भी की और उन्हें इसी प्रकार जनता की सेवा में तत्पर रहने के लिए प्रोत्साहित किया।
एसएसपी ने सभी पुलिस पदाधिकारियों और जवानों को सख्त निर्देश देते हुए कहा कि वे हर समय अलर्ट रहें, आम लोगों की हरसंभव सहायता करें और रात के समय शांति भंग करने वाले या उपद्रव फैलाने वाले असामाजिक तत्वों के खिलाफ सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करें। कानून-व्यवस्था बनाए रखने में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।