रांची में गुरु नानक जयंती पर ट्रैफिक में बड़ा बदलाव, कई प्रमुख मार्गों पर वाहनों की आवाजाही बंद

Mahak Kumari
3 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now
YouTube Channel Subscribe

रांची: गुरु नानक जयंती के अवसर पर 22 नवंबर को राजधानी रांची में निकलने वाली गुरु नानक सत्संग शोभायात्रा को लेकर यातायात व्यवस्था में बड़ा बदलाव किया गया है। शोभायात्रा के सुचारू संचालन और शहर में जाम की स्थिति से बचने के लिए ट्रैफिक पुलिस ने विभिन्न मार्गों पर वाहनों के परिचालन को लेकर समय निर्धारित किया है। इस दौरान भारी मालवाहक और छोटे मालवाहक वाहनों के प्रवेश पर प्रतिबंध रहेगा, जबकि शोभायात्रा के मार्ग पर भी सामान्य वाहनों की आवाजाही प्रभावित होगी।

सुबह 8 बजे से भारी मालवाहक वाहनों पर रोक

ट्रैफिक पुलिस के निर्देशानुसार, 22 नवंबर को सुबह 8 बजे से रात 12 बजे तक भारी मालवाहक वाहनों का शहर में प्रवेश वर्जित रहेगा। हालांकि, ऐसे वाहन रिंग रोड के रास्ते अपने गंतव्य तक जा सकेंगे। इसके अलावा दोपहर 2 बजे से रात 12 बजे तक छोटे मालवाहक वाहनों के प्रवेश और परिचालन पर भी रोक रहेगी।

कई प्रमुख चौक और मार्गों पर यात्री वाहनों का परिचालन प्रतिबंधित

दोपहर 2 बजे से रात 12 बजे तक रेडियम चौक से शहीद चौक, फिरायालाल चौक, सर्जना चौक और रतन पीपीओ होते हुए सुजाता चौक तक यात्री वाहनों का परिचालन प्रतिबंधित रहेगा। यातायात के दबाव को देखते हुए जरूरत पड़ने पर अन्य मार्गों पर भी वाहनों को डायवर्ट या रोकने की व्यवस्था की जा सकती है।

शोभायात्रा मार्ग पर विशेष ट्रैफिक व्यवस्था

गुरु नानक सत्संग शोभायात्रा की समाप्ति तक फिरायालाल चौक, दुर्गा मंदिर रोड, न्यू मार्केट चौक, किशोरी यादव चौक, महावीर चौक, शहीद चौक, सर्जना चौक, काली मंदिर चौक, उली हाउस कटिंग, उदय लाइब्रेरी कटिंग, रतन पीपीओ चौक और सुजाता चौक रूट पर वाहनों की आवाजाही कम से कम करने की अपील की गई है।

सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक मेट्रो गली से बिरला मैदान तक शोभायात्रा में शामिल वाहनों को छोड़कर अन्य सभी प्रकार के वाहनों का परिचालन प्रतिबंधित रहेगा। वहीं, सुजाता चौक से गुरुनानक पब्लिक स्कूल पीपीओ कमांड तक भी शाम 5 बजे तक वाहनों की आवाजाही बंद रहेगी।

शहरवासियों से वैकल्पिक मार्ग अपनाने की अपील

ट्रैफिक पुलिस ने शहरवासियों से अपील की है कि शोभायात्रा के दौरान मेन रोड की ओर जाने वाले वाहन रतन पीपीओ से करबला चौक होकर अपने गंतव्य तक जाएं। श्रद्धालुओं और आम नागरिकों से अनावश्यक रूप से शोभायात्रा मार्ग पर वाहन नहीं ले जाने, निर्धारित पार्किंग स्थलों का उपयोग करने और यातायात पुलिस के निर्देशों का पालन करने की अपील की गई है, ताकि शोभायात्रा शांतिपूर्ण और व्यवस्थित तरीके से संपन्न हो सके।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *