रांची: भाजपा किसान मोर्चा झारखंड प्रदेश के नेता एवं झारखंड राज्य समाज कल्याण आंगनबाड़ी कर्मचारी संघ के संयोजक जय प्रकाश पांडेय ने पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर (POK) की स्थिति को लेकर पाकिस्तान सरकार और सेना की कड़ी आलोचना की है। उन्होंने आरोप लगाया कि POK के मुजफ्फराबाद समेत विभिन्न क्षेत्रों में मूलभूत सुविधाओं की बहाली की मांग को लेकर स्थानीय लोग विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं, लेकिन पाकिस्तानी सेना ने आंदोलनकारियों पर दमनात्मक कार्रवाई की है।
जेपी पांडेय ने कहा कि पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर में आम नागरिक लंबे समय से बुनियादी सुविधाओं के अभाव से जूझ रहे हैं। उनका दावा है कि विरोध प्रदर्शनों के दौरान पाकिस्तानी सेना द्वारा बल प्रयोग किया गया, जिससे कई लोग हताहत हुए और बड़ी संख्या में नागरिक घायल हुए हैं। उन्होंने इस घटना को “मानवाधिकारों का गंभीर उल्लंघन” बताया।
उन्होंने कहा कि POK जम्मू-कश्मीर का अभिन्न हिस्सा है और वहां के नागरिकों की सुरक्षा एवं सम्मान सुनिश्चित किया जाना चाहिए। पांडेय ने आरोप लगाया कि पाकिस्तान वर्षों से उस क्षेत्र के लोगों के साथ अन्याय करता आ रहा है, जिससे वहां के नागरिकों में असंतोष बढ़ता जा रहा है।
जेपी पांडेय ने कहा कि भारत की संप्रभुता और अखंडता सर्वोपरि है तथा देश की सुरक्षा के प्रति हर नागरिक को सजग रहना चाहिए। उन्होंने रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह से अपने पूर्व में व्यक्त संकल्प के अनुरूप POK के मुद्दे पर ठोस कदम उठाने की अपील की। उनका कहना था कि POK के नागरिकों को सम्मानजनक जीवन और अधिकार मिलना चाहिए।
उन्होंने यह भी कहा कि POK के लोगों को मूलभूत सुविधाओं से वंचित रखा गया है, जिसके कारण वहां व्यापक असंतोष का माहौल है। ऐसे में भारत को मानवीय दृष्टिकोण अपनाते हुए वहां के लोगों के हितों की रक्षा के लिए प्रयास करना चाहिए।